पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के एमएलसी गुलाम गौस सोमवार 31 मार्च को राबड़ी आवास पहुंचे. गुलाम गौस, नीतीश कुमार के करीबी माने जाते है. ऐसे में राबड़ी आवास में गुलाम गौस और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुलाकात से सियासी हलचल तेज हो गई है.

नीतीश के MLC ने की लालू से मुलाकात
मुलाकात के बाद राबड़ी आवास से बाहर आने के दौरान गुलाम गौस ने मीडिया से बात की और कहा कि हम हमेशा ही मिलते हैं और सबसे मिलते हैं. ईद आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है. चाहे होली हो या दशहरा हो हमलोग मिल जुलकर त्यौहार मनाते हैं. लालू जी से मुलाकात हुई.

हमलोग जेपी आंदोलन से निकले हैं’
जेडीयू के विधान पार्षद गुलाम गौस ने कहा कि राजनीति में मतभेद होता है, मनभेद नहीं होता है. हम लोग जेपी आंदोलन से निकले हुए लोग हैं. एक ही परिवार से निकले हुए हैं. एक साथ राजनीति किए हैं. ईद का मौका था और ईद के मौके पर आज लालू प्रसाद यादव से हमने मुलाकात किया है. इसका कोई राजनीतिक मायने निकालना ठीक नहीं है.

‘ये सब बात छोड़िए’
बता दें कि विपक्षी पार्टी लगातार वक्फ बोर्ड संशोधन का विरोध कर रही है. इस दौरान ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल बोर्ड के लोगों ने पटना के गर्दनीबाग में धरना भी दिया था, जिसमें लालू यादव भी शामिल हुए थे. सोमवार को गुलाम गौस लालू प्रसाद यादव से जब मुलाकात की तो चर्चाओं का बाजार गर्म है. वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर जब गुलाम गौस से सवाल किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और लालू यादव से अपने मुलाकात को ईद के मौके पर होने वाला मुलाकात बताते हुए कहा कि ये सब बात छोड़िए.

अमित शाह के दौरे के बाद हलचल
जेडीयू एमएलसी गुलाम गौस की लालू यादव से मुलाकात इसलिए अहम हो जाती है क्योंकि रविवार को अमित शाह बिहार एनडीए नेताओं को जीत का मंत्र देकर दिल्ली लौटे हैं.

अमित शाह ने एनडीए नेताओं के एकजुट रहकर चुनाव की तैयारी करने का निर्देश दिया है. ऐसे में सोमवार को जेडीयू एमएलसी, लालू यादव के घर पहुंच गए.




Leave a Reply