बिहार : बिहार में बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। खासकर कोसी और सीमांचल के क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई।

मौसम विभाग ने 15 से 17 मार्च तक कई जिलों में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। किशनगंज समेत आसपास के जिलों में गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह हुई आंधी-बारिश से खेतों में फसल बर्बाद हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बीते 24 घंटे के भीतर उत्तर-पूर्व एवं उत्तर-मध्य बिहार में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। जबकि शेष भाग में मौसम शुष्क बना रहा। पूर्वोत्तर बिहार से दक्षिण ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन मौजूद है। 14 मार्च से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी आने की संभावना है। मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने रविवार से राज्यभर के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का पूर्वानुमान जताया है।

15 मार्च को 24 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर और पूर्वी बिहार के 24 जिलों में वज्रपात और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिले में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा।

सोमवार को पूरे बिहार में येलो अलर्ट
वहीं, सोमवार 16 मार्च को पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान उत्तर बिहार में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर और दक्षिण दोनों हिस्से में वज्रपात की चेतावनी है। इसके बाद 17 मार्च को भी कोसी, सीमांचल, पूर्वी बिहार और दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ नजर आएगा।



Leave a Reply