मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र में गुरुवार को NH-27 पर खोपा चौक के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों की मौत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.

दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दरभंगा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो खोपा चौक से पहले अचानक डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में चली गई. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. पुलिस का मानना है कि गलत लेन में जाने के कारण यह हादसा हुआ.
हरियाणा के हैं मृतक
वहीं मृतकों की पहचान हरियाणा राज्य के कुरुक्षेत्र जिले के निवासियों के रूप में हुई है. इनमें संजीव कुमार, कपिल और विकास कुमार शामिल हैं, जबकि चौथे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी यात्री बिहार घूमने के लिए आए हुए थे. स्कॉर्पियो हरियाणा नंबर की है और वाहन मालिक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया गया है.

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फुलपरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है. ट्रक चालक और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. प्रारंभिक रिपोर्ट में ड्राइवर की लापरवाही या गलत लेन में जाने को मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस ने स्कॉर्पियो के नंबर से मालिक की जानकारी जुटाने और परिवार से संपर्क करने का प्रयास तेज कर दिया है.

कैसी है ट्रक चालक की स्थिति
ट्रक चालक की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हादसे के बाद ट्रैफिक प्रभावित रहा और पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था की. मामले में आगे की जांच जारी है.

क्या कहती है पुलिस
घटना को लेकर फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें अनुमंडल अस्पताल झंझारपुर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई.



Leave a Reply