BIHARMUZAFFARPURSTATE

बिहार में बकाये बिजली बिल पर मिलेगी बड़ी राहत, मंत्री ने दिया आश्वासन

पटना : बिहार विधानसभा में आज बिजली उपभोक्ताओं को लेकर ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बड़ी राहत दी है. बिजेंद्र प्रसाद यादव के सामने ध्यानकर्षण के दौरान सत्ता पक्ष के कई सदस्यों ने बिजली बिल पर लग रहे चक्रवृद्धि ब्याज माफ करने की मांग की. बिजेंद्र यादव ने चक्रवृद्धि ब्याज माफ करने को लेकर आश्वासन दिया है. ऐसे में लाखों उपभोक्ताओं को पुराने बिजली बिल में बड़ी राहत मिल सकती है.

पुराने बिजली बिल में चक्रवृद्धि ब्याज का मामला

जदयू विधायक शुभानंद मुकेश ने गरीबों के पुराने बिजली ब्याज को माफ कर मूल राशि को किस्तों में जमा करने की सुविधा की मांग की. सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि नीतीश सरकार ने 125 यूनिट फ्री बिजली दी है लेकिन पुराने बिजली बिल के कारण गरीबों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है. उनके बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं.

‘बिजली बिल माफ नहीं करेगी सरकार’

ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है और बकाए के लिए किस्तों में राशि जमा करने की सहूलियत दी जा रही है. हालांकि एक साथ सभी बकाए को फ्री कर दिया जाय सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है. लोग बिजली जलाते हैं और बिल नहीं देते हैं तो ऐसे में मुश्किल है कि सरकार बिजली बिल माफ कर दे.

कई विधायकों की ओर से ब्याज माफ करने की मांग के बाद मंत्री बिजेंद्र यादव ने बड़ा आश्वासन दिया. मंत्री ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के बकाए राशि में ब्याज का पैसा माफ करने के लिए सरकार विचार करेगी.

1.89 करोड़ घरेलू उपभोक्ता को फ्री बिजली

चुनावी घोषणा के अनुरूप बिहार में एक करोड़ 89 लाख बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट फ्री बिजली की सुविधा मिल रही है. बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं का बिजली बिल जीरो हो गया है.नीतीश सरकार को फ्री बिजली बिल के कारण 19000 करोड़ की सब्सिडी देनी होगी लेकिन इसके बाद भी पुराने बिजली बिल के कारण चक्रवृद्धि ब्याज से बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ी हुई है. ऐसे में अब ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विधानसभा में जिस प्रकार से आश्वासन दिया है जल्द ही पुराने बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल सकती है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.