BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

धोखे से गर्भाशय निकलवाया, अपमानित किया; उदित नारायण के खिलाफ महिला थाने में शिकायत

बिहार: मशहूर गायक उदित नारायण की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उदित नारायण अब एक नए कानूनी पचड़े में फंस सकते हैं। दरअसल बिहार के एक महिला थाने में उदित नारायण के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है। सुपौल जिले के सुपौल महिला थाना में दायर एक आवेदन ने जिले में हलचल मचा दी है। पार्श्व गायक उदित नारायण झा की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने अपने पति, देवर समेत अन्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। मामला विवाह में कथित धोखाधड़ी, चिकित्सकीय प्रक्रिया में अनियमितता और मानसिक-सामाजिक प्रताड़ना से जुड़ा बताया गया है।

महिला थाना के संस्कृत निर्मली वार्ड 11 निवासी रंजना झा ने अपने आवेदन में कहा है कि उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाज से उदित नारायण झा के साथ हुई थी। वर्ष 1985 में उनके पति पार्श्व गायन के क्षेत्र में करियर बनाने मुंबई चले गए। बाद में उन्हें मीडिया के माध्यम से पति के दीपा नामक महिला से विवाह करने की जानकारी मिली। रंजना झा ने आरोप लगाया है कि वर्ष 1996 में इलाज के बहाने उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां एक बड़े अस्पताल में बिना उनकी जानकारी और सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया।

इस घटना में पति उदित नारायण झा, उनके भाई संजय कुमार झा (वीरपुर) और ललित नारायण झा की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है। आवेदिका का दावा है कि ऑपरेशन की वास्तविक जानकारी उन्हें वर्ष 2025 में चिकित्सकीय जांच के दौरान मिली। आवेदन में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2006 में मुंबई जाने पर उन्हें कथित रूप से घर में प्रवेश से रोक दिया गया और अपमानित कर वापस भेज दिया गया। महिला थानाध्यक्ष अंजू तिवारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।

पहली पत्नी का सनसनीखेज आरोप

  • धोखाधड़ी, बिना सहमति ऑपरेशन और वर्षों तक प्रताड़ना का आरोप
  • 1984 में हुआ था विवाह, बाद में दूसरी शादी की जानकारी मीडिया से मिलने का दावा
  • 1996 में दिल्ली में बिना सहमति गर्भाशय निकालने का गंभीर आरोप
  • महिला थाना में आवेदन, नामजद आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.