BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

विधायकी नहीं छोड़ेंगे नितिन नबीन, BJP अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार विधानसभा की कार्यवाही में लिया हिस्सा

पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नबीन पहली बार बिहार विधानसभा पहुंचे. उनके पहुंचने से पहले सत्तारूढ़ दल के सभी विधायक, मंत्री, उपमुख्यमंत्री उनकी अगवानी के लिए तैयार थे. जैसे ही बीजेपी अध्यक्ष पहुंचे, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया. इस दौरान तमाम घटक दलों के नेता भी वहां मौजूद थे.

विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए नितिन नबीन

बिहार विधानसभा पहुंचे नितिन नबीन वहां मौजूद तमाम लोगों से अपने पुराने अंदाज में मिले. विधानसभा के पोर्टिको में सभी नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाई. उनके स्वागत में सभी सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने खड़े होकर ताली बजाई. जब वह बिहार विधानसभा में अंदर आए तो उनके बैठने की व्यवस्था भी अलग की गई. जिस स्थान पर विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव बैठते हैं, उनकी बगल वाली सीट उनको दी गई.

विजय चौधरी ने दी बधाई

इसके बाद, सभी घटक दलों के मुख्य सदस्यों ने उनके स्वागत में भाषण दिए. सबसे पहले जनता दल यूनाइटेड की तरफ से वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भाषण दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर बिहार के लोगों की क्षमता और विश्वसनीयता पर मुहर लगाई है. नितिन नबीन बिहार और केंद्र की समावेश को आगे लेकर चलेंगे और एक नवीन विरासत लिखेंगे.

सम्राट चौधरी ने किया स्वागत

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस सदन का कोई व्यक्ति इतने बड़े पद पर गया हो, यह अपने आप में गौरव की बात है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरीके से कहा कि नितिन नबीन हमारे बॉस हैं, यह सबसे बड़ी बात है. पूरे सदन की तरफ से मैं बधाई देता हूं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं.

राजू तिवारी ने की तारीफ

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने भी स्वागत भाषण दिया. उन्होंने कहा कि वह अपनी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की तरफ से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करते हैं. यह हमारे लिए गौरव की बात है कि जिस सदन में हम हैं, उस सदन के एक व्यक्ति इतने बड़े पद पर गए हैं.

माधव आनंद ने बताया प्रेरणा

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद ने कहा कि यह हमारे जैसे युवाओं के लिए प्रेरणा है. जिस तरीके से भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है, यह हमारे लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि अब हमें और भी प्रेरणा मिल रही है, राजनीति में तन-मन-धन के साथ लगने की.

क्या बोले नितिन नबीन?

विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नितिन नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि 2006 में वह पहली बार विधायक बने थे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की छवि को बदलने का काम किया है. बिहार अगर सम्मान पा रहा है तो हम लोगों के 20 साल के मेहनत का प्रतिफल है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां सेवा भाव से काम किया, वहीं सीएम ने सुशासन लाने में सफलता हासिल की. बीजेपी विधायक ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए जो कुछ भी उनकी भूमिका होगी, उसे निभाने का काम करेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.