BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

होली पर घर जाना हुआ आसान: रेलवे चलाएगा 1410 स्पेशल ट्रेनें, बिहार के खाते में आईं 285 गाड़ियाँ

बिहार : होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने राहत भरी खबर दी है। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 1 मार्च से 22 मार्च के बीच देशभर में कुल 1410 होली स्पेशल ट्रेनों (ट्रिप) के परिचालन का निर्णय लिया है। इसमें बिहार के यात्रियों के लिए विशेष ध्यान रखा गया है, जहां पूर्व मध्य रेल क्षेत्र से अकेले 285 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार, ये ट्रेनें बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों को आपस में जोड़ेंगी। प्रमुख ट्रेनों में सोगरिया-दानापुर स्पेशल (28 फरवरी और 7 मार्च) और रानीकमलापति-दानापुर स्पेशल (27 फरवरी और 2 मार्च) शामिल हैं। इसके अलावा रानीकमलापति-अगरतला और हापा-नाहरलगुन के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर और बरौनी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और एनटीईएस (NTES) वेब पोर्टल के जरिए ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है। इस पहल से होली के दौरान ट्रेनों में होने वाली मारामारी से यात्रियों को काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.