मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एल एन मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे।

यह कार्यक्रम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और कॉलेज के संस्थापक डॉ. जगन्नाथ मिश्रा की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।

विशेष समारोह में उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर कॉलेज परिसर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। कॉलेज प्रशासन, जिला प्रशासन और राज्य सरकार के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की भव्य तैयारी की थी। उपराष्ट्रपति का स्वागत मंत्री नीतीश मिश्रा ने शॉल ओढ़ाकर और मधुबनी की पारंपरिक पेंटिंग भेंट कर किया।

कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा, नैतिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने डॉ. जगन्नाथ मिश्रा को याद करते हुए कहा कि “वे एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने बिहार में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में अहम भूमिका निभाई।”

कॉलेज प्रांगण में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, बुद्धिजीवी वर्ग और आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ संस्थापक की स्मृति में विशेष व्याख्यान भी आयोजित किया गया।

उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने बड़ी संख्या में कॉलेज के बाहर उमड़कर देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति का स्वागत किया।





Leave a Reply