BIHARPATNASTATE

मुजफ्फरपुर में पुलिस अभिरक्षा में श’राब तस्कर की मौत, पूर्व मंत्री इजरायल मंसूरी ने सरकार को घेरा, कहा- ‘रक्षक ही बन बैठे हैं भक्षक’

मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की हिरासत में एक शराब तस्कर बालेंद्र कुमार राय की मौत के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है।

इस घटना के बाद, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री और राजद विधायक इजरायल मंसूरी ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि “सुशासन की सरकार में रक्षक ही भक्षक बन बैठे हैं, तो क्या यही है सुशासन?”

जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम मुजफ्फरपुर में लगातार अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बुधवार को मोतीपुर थाना क्षेत्र के भवानीडीह गांव से 6 लीटर चुलाई शराब के साथ बालेंद्र कुमार राय को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद, कागजी कार्रवाई पूरी कर गुरुवार को उसे मेडिकल चेकअप के बाद कोर्ट में पेश करने के लिए न्यायालय परिसर ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान, बालेंद्र कुमार राय की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसके मुंह से खून आने लगा। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई।

बालेंद्र कुमार राय की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन सदर अस्पताल पहुँच गए और हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँची और डीएसपी टाउन सीमा देवी ने खुद परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि बालेंद्र कुमार राय को बुधवार को 6 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक बालेंद्र कुमार राय शराब मामले में पहले भी दो बार जेल जा चुका था। इंस्पेक्टर के मुताबिक, मेडिकल जांच के बाद जब उसे कोर्ट ले जाया जा रहा था, तभी उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक के परिवार से मिलने के बाद, कांटी के राजद विधायक और पूर्व मंत्री इजरायल मंसूरी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “बिहार में डबल इंजन की सरकार है और कहा जाता है कि यह सुशासन की सरकार है। लेकिन सुशासन की सरकार में रक्षक ही भक्षक बन बैठी है।

निर्दोष लोगों पर पुलिस लाठियां बरसाती है, पुलिस हिरासत में लोगों की हत्या कर दी जाती है तो क्या यही सुशासन की सरकार है? जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो उसे राक्षस राज कहा जाता है, और अब बिहार में राक्षस राज है।”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.