BIHARPATNASTATE

एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट रद्द, दो दिन में तीन विमानों में आई तकनीकी खराबी

तकनीकी खराबी के कारण एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट रद्द कर दी गई है। यह वही रूट है, जिस पर AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान AI-159 दोपहर 1.10 बजे अहमदाबाद से रवाना होना था।

इसका लंदन पहुंचने का समय शाम 6.25 बजे बताया गया। बीते दो दिन में तीन बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीकी समस्या देखी गई।

पहले एयर इंडिया AI315 (हांगकांग से दिल्ली) संदिग्ध तकनीकी खराबी के कारण बीच उड़ान में ही वापस लौट आया। इसके बाद सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट को कोलकाता में ही ठहरना पड़ा और अहमदाबाद-लंदन की फ्लाइट को रद्द करना पड़ा है।

इससे पहले सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से कोलकाता के हवाई अड्डे पर विमान के निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा।

ड्रीमलाइनर विमान एआई180 समय पर (रात 12.45 बजे) हवाई अड्डे पर पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग सुबह 5.20 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया।

अहमदाबाद हादसे के बाद डर का माहौल

विमान सेवा ऐसे वक्त रद्द करनी पड़ी है, जब पांच दिन पहले अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाले एअर इंडिया का विमान एआई-171 उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास भवन से टकराकर क्रैश हो गया था।

दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में 230 यात्री, 10 केबिन क्रू सदस्य और दो पायलट सहित 242 लोग सवार थे। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश को छोड़कर सभी की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.