पटना: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ भारी बारिश का दौर चल सकता है.

विभाग के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम देश के विभिन्न हिस्सों में भारी तबाही मचा सकता है, जिसके कारण लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

IMD की रिपोर्ट
आईएमडी के अनुसार दक्षिण गुजरात और उसके आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है और दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बना है.

इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से, अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, बिहार और झारखंड में तेज आंधी और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है.

पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट: वहीं मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने मंगलवार 17 जून को लेकर पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें से पांच जिलों में भारी बारिश से तबाही मच सकती है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर में भारी बारिश की संभावना है.

रहें सावधान
बिहार में झोंके के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. वज्रपात और मेघगर्जन का भी अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है. बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें. खुले मैदान में पेड़ के नीचे खड़े ना हों.

ठनका से 14 की मौत
बिहार में आसमानी आफत ने 14 लोगों की जान ले ली है. बीते 24 घंटे के अंदर 24 लोगों की मौत से परिवार में हाहाकार मचा है. ये सभी मौतें अलग-अलग जिलों में हुई है.

सोमवार को बक्सर में 4, पश्चिम चंपारण में 3, कटिहार में 3, लखीसराय, कैमूर, सीतामढ़ी और भागलपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत वज्रपात की चपेट में आने के कारण हो गयी. 11 लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए हैं.




Leave a Reply