BIHARSTATE

बिहार के स्कूल में गाय और बकरी बनाती है हाजिरी! शिक्षिका के ऑनलाइन अटेंडेंस में बड़ा खेल

बिहार के बांका में ऑनलाइन हाजिरी में फर्जीवाड़ा सामने आया है. जहां ई-शिक्षा कोष पर शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी में बड़ी गड़बड़ी की गई है. अधिकारियों की सख्ती के बावजूद शिक्षक नए-नए तरीके अपनाकर सिस्टम को चकमा दे रहे हैं. जिले के धोरैया के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय बगरोईया की शिक्षिका पूनम कुमारी ने बहाने की सारी हदें पार कर दी. उसकी ऑनलाइन हाजिरी में कभी गाय, कभी बकरी, कभी सड़क तो कभी दीवार की तस्वीरें अपलोड हो रही हैं.

गाय और बकरी ने बनाई ऑनलाइन हाजिरी: 20 मार्च को शिक्षिका पूनम कुमारी की ऑनलाइन हाजिरी में गाय और उसके बछड़े की फोटो लगी थी. यह हाजिरी सुबह 9 बजकर 28 मिनट पर बनी. 21 मार्च को 9 बजकर 20 मिनट पर हाजिरी बनी, जिसमें किसी आलमारी की फोटो थी. 23 मार्च को शिक्षिका की जगह बकरी के दो बच्चों की तस्वीर अपलोड हुई. वहीं, 18 मार्च की हाजिरी में खाली कुर्सी की फोटो लगाकर उपस्थिति दर्ज कराई गई.

डीपीओ ने शिक्षिका से मांगा स्पष्टीकरण: इस मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रभार में संजय कुमार यादव डीपीओ थे. उन्होंने बताया कि शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है. अगर जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ऑनलाइन हाजिरी में कई जगहों पर फर्जीवाड़ा: पूनम कुमारी की तरह ही ई-शिक्षा कोष पर हाजिरी नहीं बनाने के कारण पीएस नयाडीह सिकानपुर रजौन के प्रधान बिंदेश्वरी यादव, बगरोईया की प्रभारी फूल कुमारी और एनपीएस ढोढियाटीकर फुल्लीडुमर के संजय कुमार दास से भी जवाब-तलब किया गया है. इस विद्यालय में किसी भी शिक्षक की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं हो रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.