BIHARSTATE

बिहार के इस होटल में चल रही थी शराब पार्टी, शिक्षा विभाग का क्लर्क समेत 5 गिरफ्तार

बांका: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद बावजूद न तो शराब की तस्करी थम रही है और न ही शराब के सेवन पर पूरी तरह से रोक लग पा रही है. लोग चोरी-छिपे शराब पी भी रहे हैं और पिला भी रहे हैं.

हालांकि पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम समय-समय पर छापेमारी भी करती रहती है. इसी क्रम में मंगलवार को एक होटल में शराब पार्टी के दौरान 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें शिक्षा विभाग का क्लर्क भी शामिल है.

होटल में शराब पार्टी के दौरान छापा: बांका शहर के चर्चित होटल के कमरा नंबर 207 से उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक दीपक महतो के नेतृत्व में पांच लोगों को शराब पार्टी करते गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जब टीम ने छापेमारी की तो सभी लोग शराब पार्टी कर रहे थे. ये सभी लोग नशे में लिप्त पाए गए हैं. सभी को हिरासत में लिया गया है.

शराबी क्लर्क समेत 5 गिरफ्तार: जानकारी के अनुसार योजना एवं लेखा शिक्षा विभाग के उच्च वर्गीय लिपिक पंकज कुमार को पुलिस ने पकड़ा है. उसके साथ शराब की पार्टी कर रहे भागलपुर जगदीशपुर बैजानी निवासी जगदीश तिवारी, अमरपुर के विश्वभरचक निवासी दिलीप कुमार, राकेश कुमार, सौरभ कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम ने सभी को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन: बांका के जिला शिक्षा पदाधिकारी कुंदन कुमार ने भी इसे लेकर पत्र जारी किया है. पुलिस ने बताया कि सभी को जुर्माना के बाद छोड़ दिया गया है लेकिन एक वेंडर सौरभ कुमार को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. उत्पाद विभाग के दारोगा दीपक महतो ने बताया कि सौरभ कुमार सिंह को शराब सेवन के जुर्म में दूसरी बार गिरफ्तार किया गया है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.