BIHARDELHIPATNASTATE

RJD से गठबंधन रहेगा या नहीं? आज दिल्ली में बिहार कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी लेंगे अंतिम फैसला!

पटना: इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब एक्शन मोड में आ गई है. आज दोपहर बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बिहार कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी फीडबैक लेंगे. कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको नौकरी दो’ यात्रा को लेकर पार्टी के नेताओं के बीच शुरू हुए विवाद के कारण 12 मार्च को होने वाली बैठक रद्द कर दी गई थी. हालांकि उस समय यह बताया गया था कि होली और राहुल गांधी की व्यस्तता के कारण यह बैठक रद्द की गई है.

बैठक में कौन-कौन होगें शामिल?: बिहार कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने बताया कि आज दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, पार्टी के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, विधानसभा में पार्टी विधायक दल के नेता शकील अहमद खान विधान परिषद में पार्टी विधायक दल के नेता मदन मोहन झा सहित सभी विधायक सभी विधान पार्षद पार्टी के लोकसभा एवं राज्यसभा के सांसद एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया है.

बैठक में कन्हैया नहीं होंगे शामिल: कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार दिल्ली में होने वाली आज की बैठक में शामिल नहीं होंगे. कन्हैया अभी बिहार में युवाओं और छात्रों को लेकर ‘पलायन रोको नौकरी दो’ पदयात्रा पर निकले हुए हैं. उनका आज मधुबनी में कार्यक्रम है. अपने पदयात्रा के कारण कन्हैया आज की दिल्ली में होने वाली बिहार कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं होंगे.

कांग्रेस की प्रेशर पॉलिटिक्स: आज राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दिल्ली में होने वाली बिहार कांग्रेस के नेताओं की बैठक महागठबंधन के भविष्य को लेकर भी बहुत महत्वपूर्ण है. वरिष्ठ पत्रकार इंद्रभूषण के मुताबिक दिल्ली में आज शाम होने वाली बैठक के माध्यम से कांग्रेस अपने सहयोगी दल आरजेडी को यह संदेश देना चाहती है कि कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए कमर कस चुकी है. कांग्रेस आरजेडी पर दबाव बनाना चाह रही है कि पार्टी 70 सीट से कम पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है.

अपनी पसंद की सीट चाहेगी कांग्रेस: इंद्र भूषण ने बताया कि कांग्रेस पार्टी इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में अब नई भूमिका में दिखने को तैयार है. पार्टी न केवल 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, बल्कि अपनी पसंद की 70 सीट पर चुनाव लड़ने का संकेत दे चुकी है. वरिष्ठ पत्रकार कहते हैं कि पहले गठबंधन के नाम पर कांग्रेस को ज्यादातर वैसी सीट दे दी जाती थी, जो आरजेडी के लिए कमजोर कडी होती थी लेकिन इस बार कांग्रेस इस बात पर कंप्रोमाइज नहीं करेगी. इस बार कांग्रेस इस बात को लेकर दबाव की राजनीति बना रही है कि वह अपनी पसंद की 70 सीट पर चुनाव लड़ेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.