बगहा में पांचवीं क्लास के एक बच्चे की शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। मामला बगहा-एक प्रखंड के अतिरिक्त राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय का है। यहां के छात्र गुलशन कुमार को शिक्षकों द्वारा बेरहमी से पीटा गया है।
मामले को लेकर पीड़ित छात्र के परिजनों ने प्रधान शिक्षिका सरिता देवी, सहायक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार और कृष्णा के खिलाफ बथवरिया थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। साथ में बगहा एसडीएम को लिखित आवेदन देकर आरोपी शिक्षकों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

बच्चे की बांह पर दिख रहे पिटाई के निशान।
जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र जैनिटोला गांव निवासी मनोज यादव का 9 साल का बेटा गुलशन कुमार है। उसने बताया कि गुरुवार को प्रधान शिक्षिका सरिता मैडम से पांच मिनट की छुट्टी लेकर शौच करने के लिए घर चला गया था। करीब दस मिनट बाद विद्यालय लौटा तो मैडम गुस्सा गईं और पिटाई कर दी। पिटाई के बाद हमने कहा कि पढ़ाई नहीं करेंगे, घर जाएंगे। इतने में सहायक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार तथा कृष्णा सर बांह पकड़कर घसीटते हुए कमरा में ले गए। दरवाजा बंद कर छड़ी और लात-घूंसा से बेरहमी से पिटाई की। जानकारी मिलने पर परिवार वाले स्कूल पहुंचे और उसे घर ले गए।
पीड़ित छात्र गुलशन कुमार के शरीर पर पिटाई के जख्म देखकर परिजन समेत ग्रामीणों में आक्रोश है। मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि आवेदन मिला है। कार्रवाई की जा रही है।



Comment here