शहर में बाइकर्स गैंग बेखौफ होकर चेन छिनतई व झपटमारी की वारदात को अंजाम दे रहा है। फिर बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से चेन छिनतई कर ली। बीते दो महीने के दौरान शहरी थाना में क्षेत्र यह 12वीं वारदात है, जिसे बाइकर्स गैंग ने अंजाम दिया है। 12 में से 8 वारदात भरी दोपहरी में हुई है। चेन स्नेचिंग की घटना सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज में घटी। जिसमें बाइक सवार बदमाश ममता कुमारी के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। वह शिवाजीनगर स्थित अपने आवास से बच्चे को द्रोण स्कूल छोड़ने जा रही थी।
इसी बीच ऑरेंज वैली स्कूल के समीप एनएच-28 की तरफ से एक बाइक पर सवार दो बदमाश तेजी से आए और उनके गले से सोने की चेन झपट ली। जब तक वह कुछ समझ पातीं, तब तक बाइक सवार बदमाश ब्रह्मपुरा रेलवे गुमटी होते हुए तेजी से भाग निकले। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। पुलिस की पूछताछ में पीड़ित महिला ने बताया कि सोने की चेन दो तोला की थी। बाइक सफेद रंग की थी। उस पर नंबर प्लेट नहीं था। इधर, थानेदार सतेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित महिला ने मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
पुलिस का सक्सेस रेट महज 25% : दो माह में 12 में 3 केस ही हुआ ट्रेस
चिंता की बात यह है कि पुलिस इन घटनाओं को गंभीर मान कर छानबीन नहीं करती है। पिछले दो माह के दौरान हुई करीब एक दर्जन स्नैचिंग की वारदात में से तीन मामलों में ही अपराधियों को ट्रेस कर सकी है। यानी पुलिस का सक्सेस रेट 20-25 फीसदी ही है। 75 फीसदी स्नैचिंग के केस अनट्रेस हैं। यही नहीं, स्नैचिंग के अधिकतर मामलों को पुलिस दबाने की कोशिश भी करती है। 15 फरवरी की दोपहर बृज बिहारी गली और एमआईटी गेट के समीप अहियापुर के जगदम्बा नगर निवासी रामनाथ प्रसाद से दो लाख रुपए व कृष्णा टोली रोड नंबर तीन निवासी रौशन कुमार से तीन लाख रुपए छिनतई के मामले में भी यही हुआ। दोनों पीड़ितों ने ब्रह्मपुरा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। लेकिन, पुलिस ने पहले इस मामले को दबाने का प्रयास किया। वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद छानबीन शुरू की।
हाल के दिनों में शहर में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात
25 जनवरी : मिठनपुरा थाना के मालीघाट में बैजू साह विवाह भवन के समीप दो बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन छीन ली।
6 फरवरी : दोपहर काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के दामूचक में रिटायर्ड प्रोफेसर की 60 वर्षीय पत्नी के गले से सोने की चेन व बाली छीनी।
15 फरवरी : दोपहर ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के बृज बिहारी गली और एमआईटी गेट के समीप बाइक सवार बदमाशों ने अहियापुर थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर निवासी रामनाथ प्रसाद से दो लाख व कृष्णा टोली रोड नंबर तीन निवासी रौशन कुमार से तीन लाख रुपए छीन लिए।
16 फरवरी : अहियापुर में दोपहर ब्लू डायमंड होटल के पास दो बाइक पर सवार 3 अपराधियों बोचहां के नवीन कुमार का मोबाइल झपट लिया।
17 फरवरी : अहियापुर थाना क्षेत्र के पटियासा के पास पति के साथ बाइक पर जा रही गायघाट की ममता देवी का बैग झपट्टा मार कर छीन लिया।
21 फरवरी : रात बीबीगंज में महिला के गले से सोने की चेन की छिनतई।
22 फरवरी : मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग में बैट्री दुकानदार 60 वर्षीय मुन्ना साह को गोली मारने के बाद सोने की चेन लूटी।
4 मार्च : कंपनीबाग रोड में कचहरी मोड़ के पास देवरिया के पूर्व सैनिक दुर्गा दास से 60 हजार और समस्तीपुर निवासी आरपीएफ जवान सावन कुमार से 49 हजार रुपए छीन लिए।
15 मार्च : काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आरडीएस कॉलेज के समीप बाइक सवार बदमाशों ने रिटायर्ड बैंक मैनेजर रविंद्र श्रीवास्तव की पत्नी आरती कुमारी के गले से सोने की चेन छीन ली।
चिह्नित किए जा रहे हैं बदमाश
मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हुई दो वारदात और काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में स्नेचिंग की एक घटना में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। चारों बदमाशों ने उक्त वारदात में संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य घटनाओं में शामिल बदमाशों को चिह्नित किया जा रहा है। – राघव दयाल, नगर डीएसपी



Leave a Reply