Breaking News

बिहार में फिर दो दिन बाद बदल सकता है मौसम, कई जिलों में मिल रहे हैं बारिश के संकेत

आज प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. बारिश होने का कोई पूर्वानुमान नहीं है. इसके साथ ही तापमान में हल्की वृद्धि देखी जा सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार दो दिनों तक तापमान में थोड़ी बहुत बढ़ोतरी देखी जाएगी, लेकिन मौसम खुशनुमा रहेगा. पिछले पांच-छह दिनों में बिहार के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई है लेकिन गुरुवार (23 मार्च) से पूरे बिहार में मौसम साफ दिखा और सुबह से धूप भी निकली.

मौसम विभाग के अनुसार दो दिन के बाद फिर मौसम बदल सकता है. 26 और 27 मार्च को बिहार के कुछ भागों में बहुत हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने के आसार हैं. इनमें उत्तर पूर्व, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व सहित कुल 20 जिलों के कुछ-कुछ भागों में हल्की बारिश हो सकती है. बादल छाए रह सकते हैं. गुरुवार को मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को पिछले पांच दिनों के मुकाबले बिहार में तापमान कुछ ज्यादा रहा. 

बिहार का औसत तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. सबसे अधिक तापमान रोहतास जिले के डेहरी में 32. 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सबसे कम तापमान छपरा में 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा. बीते बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई. मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिनों के अंदर बिहार के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार आठ से 10 किलोमीटर की रफ्तार से कई जगहों पर हवा चल सकती है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.