गया के शेरघाटी शहर के नया बाजार इलाके के तालाब के निकट स्थित दलित टोले से एक महिला के शव को पुलिस ने बरामद किया। शव महिला के घर से बरामद किया गया है। वह अपने कमरे में मृत पड़ी थी। मृतका की पहचान विजय चौधरी की पत्नी मधु कुमारी के रूप में की गई।
महिला के मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि मधु का विवाह वर्ष 2012 में विधि विधान से विजय चौधरी के साथ किया गया था। शादी के बाद सब ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन बीते 1 वर्ष से पति पत्नी के बीच मामल झगड़े में बदलता जा रहा था। मृतका के मायके वालों का कहना है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट भी की जा रही थी। गाड़ी खरीदने के लिए एवं दहेज के रूप में मोटी रकम भी मांगी जा रही थी, हालांकि उसे भी देने के लिए हम सब लोग राजी हो गए थे।
गाड़ी देने के लिए समय मांगा था। लेकिन इसी बीच शुक्रवार को दिन में बेटी को मारकर उसके ससुराल वाले भाग गए। मधु 2 दिन पूर्व ही अपने मायके से ससुराल आई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे शेरघाटी एएसपी के रामदास एवं थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है।
थाना अध्यक्ष राज किशोर सिंह ने बताया कि घटना के बाद फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड टीम के माध्यम से मामले की छानबीन की गई है। घटना के बाद मृतक महिला की ससुराल पक्ष के लोग सभी फरार हैं। केवल उसकी सास को गिरफ्तार किया जा सका है। उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका के पिता कमलेश चौधरी ने शेरघाटी थाने में आवेदन दिया है।
आवेदन में मृतका के पति विजय चौधरी, ससुर ललन चौधरी भसूर संजय चौधरी, पार्वती देवी एवं छोटू कुमार के खिलाफ हत्या का आरोप है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दिए गए आवेदन के आलोक में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन गहनता से की जा रही है। उन्होने कहा कि यह आत्महत्या है या हत्या बिना जांच के कुछ भी बताया नहीं जा सकता है।
Leave a Reply