Breaking News

राबड़ी के घर CBI टीम, अफसर पूछताछ कर रहे:जमीन के बदले नौकरी देने के मामले में कार्रवाई

जमीन के बदले नौकरी देने के मामले में CBI की टीम लालू यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से उनके घर पूछताछ कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 12 अफसरों की टीम 2 से 3 गाड़ियों में सोमवार सुबह पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास पर पहुंचे

लैंड फॉर जॉब स्कैम में सीबीआई की चार्जशीट पर कोर्ट ने समन जारी किया है। सीबीआई ने चार्जशीट में लालू प्रसाद के अलावा राबड़ी देवी और 14 अन्य को आरोपी बनाया है। 15 मार्च को कोर्ट में राबड़ी, लालू और मीसा पेश होने के आदेश दिए गए हैं।

पहले पूछताछ ऑफिस में होनी थी
सुबह जब टीम राबड़ी के घर पहुंची तो उस वक्त बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव भी मौजूद थे, लेकिन बाद में वे विधानसभा के लिए निकल गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीआई ने राबड़ी देवी से पूछताछ के लिए नोटिस दिया था। पहले ये पूछताछ सीबीआई दफ्तर में होनी थी, लेकिन बाद में उन्हें राहत देते हुए उनके घर पर करने के लिए तैयार हो गई।

राबड़ी के आवास के बाहर मौजूद सुरक्षाकर्मी।

पिछले साल मई और अगस्त में सीबीआई ने मारे थे छापे
CBI ने मई 2022 में लालू, राबड़ी देवी, दो बेटियों मीसा भारती और हेमा यादव समेत करीबियों और परिजनों के 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी।
CBI ने इस मामले में इस साल मई में लालू यादव, उनकी पत्नी और पूर्व CM राबड़ी देवी, उनकी बेटियों मीसा यादव और हेमा यादव के अलावा नौकरी पाने के बदले में कम कीमत में जमीन देने वाले कुछ अयोग्य उम्मीदवारों समेत 16 लोगों पर FIR दर्ज की थी। CBI ने 24 अगस्त 2022 को एक बार फिर से RJD नेताओं के यहां छापेमारी की थी।

जानिए लैंड फॉर जॉब स्कैम क्या है?
लालू के रेलमंत्री (2004 से 2009) रहते हुए लैंड फॉर जॉब स्कैम हुआ था। नौकरी के बदले जमीन लेने के घोटाले में लालू और उनके परिवार वालों पर रेलवे में नौकरी दिलाने के बदले जमीन लेने का आरोप है। इस मामले में CBI ने मई 2022 में लालू और उनके परिवार के सदस्यों पर भ्रष्टाचार का नया केस दर्ज किया था।

CBI के अनुसार इस तरह से लालू यादव के परिवार ने बिहार में 1 लाख स्क्वायर फीट से ज्यादा जमीन महज 26 लाख रुपए में हासिल कर ली, जबकि उस समय के सर्कल रेट के अनुसार जमीन की कीमत करीब 4.39 करोड़ रुपए थी। खास बात ये है कि लैंड ट्रांसफर के ज्यादातर केस में जमीन मालिक को कैश में भुगतान किया गया।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.