दरभंगा में प्रधान लिपिक के घर से 27 लाख कैश मिले हैं। ग्रामीण कार्य विभाग मधुबनी में पोस्टेड प्रधान लिपिक सुभाष कुमार के दरभंगा स्थित घर और एक अन्य ठिकाने पर विजिलेंस की टीम ने छापा मारा। शुक्रवार की सुबह हुई छापेमारी में 27 लाख नकद,10 लाख की ज्वेलरी,कई बैंक के खाते और जमीन के कागजात मिले हैं।
विजिलेंस की टीम जमीन के मूल्य का आकलन कर रही है। निगरानी के डीएसपी कन्हैया लाल के नेतृत्व में 14 लोगों की टीम आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों से रेड डालने पहुंची।
लिपिक के न्यू पांडासराय स्थित घर और एक व्यावसायिक स्थल पर छापेमारी की गई। साथ ही उनके ससुर जय प्रकाश सिन्हा के घर पर सुबह 11 बजे छापा मारा गया। निगरानी डीएसपी ने बताया कि सुभाष कुमार के घर से 27 लाख कैश मिले हैं। जेवरात भी जब्त हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए होगी। बैंक खाते और जमीन के कागजात का आकलन सत्यापन के बाद किया जाएगा।
कैश से भरा बोरा झाड़ी में फेंका गया!
आरोपी के ससुर जय प्रकाश सिंह दरभंगा समाहरणालय से सेवानिवृत होने के बाद अभी अनुबंध पर काम कर रहे हैं। इनके घर पर भी छापेमारी की गई थी लेकिन यहां कोई संपत्ति नहीं मिली। छापेमारी जारी है। ऐसे में और भी कुछ मिलने की संभावना है। लोगों में यह चर्चा थी कि टीम के पहुंचते ही घर के पीछे कैश से भरा एक बोरा को झाड़ी में फेंका गया था, जिसे टीम झाड़ी से उठा कर लाई।

घर से जब्त कैश के साथ विजिलेंस की टीम।
आय से अधिक संपत्ति मामले में रेड
विजिलेंस की 14 सदस्यीय टीम ने घर पर रेड डाली थी। जबकि 10 लोगों की टीम इनके व्यवसायिक स्थल को खंगाल रही थी। व्यवसायिक स्थल से हुई बरामदगी का खुलासा अभी नहीं किया गया है। टीम लगातार चीजों को खंगालने में जुटी हुई है। डीएसपी ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने को लेकर निगरानी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद कार्रवाई की जा रही है। कुल बरामदगी और संपत्ति का ब्योरा छापेमारी खत्म होने के बाद ही सामने आएगा।

प्रधान लिपिक सुभाष कुमार के घर और व्यवसायिक ठिकाने पर रेड हुई।
मालूम हो कि 28 अगस्त 2021 को मुजफ्फरपुर में ग्रामीण कार्य विभाग के प्रभारी अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार को 67 लाख रुपए नकदी के साथ पकड़ा गया था।इसके बाद से ही सुभाष कुमार का नाम अवैध वसूली और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने में आने लगा था।



Comment here