पटना में एयरटेल ने सोमवार को 5जी सर्विस की लॉन्चिंग कर दी है। पटना के आठ इलाकों में इसका नेटवर्क मिलेगा, इस सेवा से पटना एयरपोर्ट को भी लैस कर दिया गया है। कंपनी ने दावा किया है कि 5G की सेवा के लिए सिम बदलने की जरूरत नहीं होगी। सिर्फ 5G मोबाइल फोन होना चाहिए।
कंपनी का कहना है कि अभी कुछ चुनिंदा स्थानों पर नेटवर्क चालू किया जाएगा। एयरटेल पूरे शहर में अपनी सेवाओं का विस्तार के लिए तेजी से काम कर रही है। आने वाले दिनों में 5 जी नेटवर्क का विस्तार कर दिया जाएगा। बिहार में इसकी शुरुआत पटना से की गई है।
कंपनी की है प्लानिंग
एयरटेल के अधिकारियों ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में कहा कि जैसे जैसे कंपनी अपने नेटवर्क का निर्माण और रोल आउट पूरा कर रही है, एयरटेल 5जी प्लस सेवाएं कस्टमर के लिए उपलब्ध होंगी। 5जी सक्षम डिवाइस वाले ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के तेज एयरटेल 5जी प्लस नेटवर्क का उपयोग तब तक कर सकते हैं जब तक कि रोल आउट अधिक व्यापक न हो जाए।
एयरटेल 5 जी से एयरपोर्ट पर बढ़ेगी सुविधा
कंपनी के अधिकारियों का कहना है की एयरटेल 5जी प्लस सेवा अब पटना एयरपोर्ट पर भी उपलब्ध है, जिससे यह अल्ट्रा-फास्ट 5जी सेवा का आनंद देने वाला राज्य का पहला एयरपोर्ट बन गया है। पटना से उड़ान भरने वाले और यहां आने वाले एयरटेल ग्राहक एयरपोर्ट टर्मिनल पर हाई स्पीड एयरटेल 5जी प्लस की सुविधा ले सकते हैं।
अराइवल और डिपार्चर टर्मिनलों, लाउंज, बोर्डिंग गेट, माइग्रेशन और इमिग्रेशन काउंटर, सिक्योरिटी एरिया, बैगेज क्लेम बेल्ट, पार्किंग एरिया आदि पर यात्री अपने मोबाइल फोन पर 5जी की तेज गति का फायदा उठा सकते हैं। बेंगलुरु एयरपोर्ट के नए टर्मिनल सहित पुणे, वाराणसी और नागपुर अन्य एयरपोर्ट हैं जहां पर एयरटेल 5जी प्लस सेवा उपलब्ध है।

कंपनी का दावा आने वाले दिनों में बढ़ेगी सुविधा
बिहार, झारखंड और उड़ीसा के भारती एयरटेल के सीईओ अनुपम अरोड़ा ने दैनिक भास्कर को बताया कि 28 नवंबर को पटना में एयरटेल 5जी प्लस लॉन्च कर दिया गया है। एयरटेल के ग्राहक अब मौजूदा 4जी स्पीड से 20-30 गुना अधिक तक की गति के साथ एक अल्ट्राफास्ट नेटवर्क का उपयोग कर सकते हैं। हम पूरे शहर में इसका विस्तार करने की प्रक्रिया में हैं जो हमारे ग्राहकों को गेमिंग, मल्टीपल चैट, इंस्टेंट फोटो अपलोड और एचडी वीडियो स्ट्रीमिंग जैसी गतिविधियों के लिए सुपरफास्ट एक्सेस प्रदान करेगा।”
एचडी वीडियो में क्रांति, हेल्थ सेक्टर को फायदा
अधिकारियों ने बताया कि सम्पूर्ण एयरटेल सर्विस पोर्टफोलियो को एयरटेल 5जी प्लस का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, यह एचडी वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग, मल्टीपल चैट, इंस्टेंट फोटो अपलोड और अन्य गतिविधियों के लिए अविश्वसनीय रूप से तेज़ एक्सेस सक्षम करेगा। इसकी लॉन्चिंग से एयरटेल 5जी प्लस भारत में मोबिलिटी, लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि एक वर्ष में विभिन्न प्रकार के उन बेहद असर-कारक उपयोग के मामलों में एयरटेल ने 5जी की अपनी क्षमता प्रदर्शित की है, जो हमारे व्यक्तिगत जीवन और बिजनेस करने के तरीके दोनों को बदल देंगे।
हैदराबाद में दिखी 5जी की क्रांति
बिहार-झारखंड के सीईओ ने बताया कि हैदराबाद में भारत के पहले लाइव 5जी नेटवर्क, भारत के खेल को बदलने वाले ऐसे क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच का 5जी पावर्ड होलोग्राम, जो उस समय खेला गया, जब उसकी टीवी कवरेज नहीं हुई थी, भारत की पहली 5जी कनेक्टेड एम्बुलेंस का निर्माण और कारखाने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए बॉश के परिसर में भारत का पहला निजी 5जी नेटवर्क स्थापित किया। हर जगह एयरटेल 5जी इनोवेशन के मामले में आगे रहा।

क्या होता है इंटरनेट का ‘G’ जेनरेशन?
इंटरनेट को लेकर यूज होने वाले ‘G’ का मतलब जेनरेशन होता है। जैसे पहले जेनरेशन के इंटरनेट को 1G कहते हैं। साल 1979 में शुरू हुए इंटरनेट को 1G जेनरेशन कहा गया था, जिसका 1984 तक दुनिया भर में विस्तार हुआ था।
इसी तरह 1991 में 2G इंटरनेट लॉन्च हुआ। 1G की तुलना में 2G इंटरनेट की ज्यादा स्पीड थी। एक तरफ जहां 1G की स्पीड 2.4 Kbps थी, वहीं 2G इंटरनेट की स्पीड अब बढ़कर 64 Kbps हो गई।
इसके बाद 1998 में पहली बार 3G, 2008 में 4G और 2019 में 5G इंटरनेट लॉन्च हुआ। भले ही 2019 में 5G इंटरनेट लॉन्च हो गया हो, लेकिन भारत में यह अब शुरू होने वाला है।
5G इंटरनेट क्या और कैसे 4G से अलग है?इंटरनेट नेटवर्क की पांचवीं जेनरेशन को 5G कहते हैं। यह एक वायरलेस ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा है, जो तरंगों के जरिए हाई स्पीड इंटरनेट सेवा उप्लब्ध कराती है। इसमें मुख्य रूस से तीन तरह के फ्रीक्वेंसी बैंड होते हैं।
1. लो फ्रीक्वेंसी बैंड- एरिया कवरेज में सबसे बेहतर, इंटरनेट स्पीड 100 एमबीपीएस, इंटरनेट स्पीड कम
2. मिड फ्रीक्वेंसी बैंड- इंटरनेट स्पीड लो बैंड से ज्यादा 1.5 जीबीपीएस, एरिया कवरेज लो फ्रीक्वेंसी बैंड से कम, सिग्नल के मामले में अच्छा
3. हाई फ्रीक्वेंसी बैंड- इंटरनेट स्पीड सबसे ज्यादा 20 जीबीपीएस, एरिया कवर सबसे कम, सिग्नल के मामले में भी अच्छा है।
क्या होगा फायदा
- सभी 5G स्मार्ट फोन पर काम करेगा।
- तेज गति व सबसे अच्छी आवाज की गुणवत्ता प्रदान करेगा और साथ ही पर्यावरण के अनुकूल होगा।
- मौजूदा एयरटेल 4जी सिम, 5जी इनेबल्ड है, इसलिए सिम को बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
- रोल आउट पूरा होने तक सभी मौजूदा प्लान 5जी पर काम करेंगे।
- जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर भी अल्ट्राफास्ट एयरटेल 5जी प्लस सेवा शुरू हो गई है।



Leave a Reply