Breaking News

उमेश बने JDU प्रदेश अध्यक्ष:राज्य परिषद की बैठक में उपेन्द्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार से किया आग्रह, कार्यकर्ताओं से अकेले में मिलिए

जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में एक बार फिर से उमेश कुशवाहा को निर्वाचित किया गया है। उमेश कुशवाहा इससे पहले भी प्रदेश अध्यक्ष थे। उन्होंने 26 तारीख को नॉमिनेशन किया और आज राज्य परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का सर्टिफिकेट दिया।

राज्य परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह समेत JDU कोटे के राज्य सरकार के सभी मंत्री और विधायक मौजूद थे। इस दौरान जदयू के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मंच से नीतीश कुमार से आग्रह किया कि वह कार्यकर्ताओं से वन टू वन मुलाकात करें।

रविवार को जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय में राज्य परिषद की बैठक की गई। राज्य परिषद के लगभग 500 डेलीगेट्स मौजूद रहे। इस बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के निर्वाचन के साथ-साथ मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने डेलीगेट्स को संबोधित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दरमियान उमेश कुशवाहा के कामों की सराहना की। कहा कि इनके रहते हुए रिकॉर्ड सदस्यता अभियान चला है। पार्टी काफी मजबूत हुई है। इसी तरह से आगे काम करने की नसीहत दी। वहीं, उमेश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने कहा कि आपके दिशा-निर्देश के मुताबिक मैंने काम किया है और आगे भी काम करता रहूंगा। संगठन को और मजबूत करने के लिए जो भी प्रयास होगा वह करता रहूंगा।

विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि राज्य परिषद की बैठक में जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने काफी मुखर होकर भाषण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, आप कार्यकर्ताओं से एक-एक करके मुलाकात कीजिए। आप के साथ कई नेता होते हैं तो कार्यकर्ता अपने दिल की बात नहीं कह पाते हैं। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा ने डंके की चोट पर कहा कि मैं अब बीजेपी के साथ कभी समझौता नहीं करने वाला हूं। ना उनके साथ जाने वाला हूं। मुझे अब मंत्री या फिर पदाधिकारी बनने की कोई चाहत नहीं है। मैं संगठन में काम करता रहूंगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.