नालंदा में सर्दियों के मौसम अभी ठीक से आया भी नहीं है कि बदमाशों की उत्पात शहरी इलाकों में शुरू हो गई है। हर दिन दुकान और मकान के ताले टूट रहे हैं। उद्भेदन नहीं होने से बदमाशों के हौसले सातवें आसमान पर है। ताजा मामला बिहारशरीफ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति के पश्चिम स्थित एक गैराज का है। जहां बदमाशों ने शुक्रवार की रात डेढ़ लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है। मामले का खुलासा शनिवार को हुआ।
पीड़ित रामचंद्रपुर निवासी एसएस वैक्सी शोरूम के संचालक राकेश कुमार ने बताया कि उनका ई-रिक्शा और टेंपो का शोरूम बाजार समिति के पश्चिम में है। बीती रात बदमाशों के द्वारा उनके जनता गैराज में टीन शेड को उखाड़ कर 3 ई-रिक्शा की 12 बैट्रियों की चोरी कर ली गई। शनिवार को जब स्टाफ ने गैराज का ताला खोला तो देखा कि अंदर सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा हुआ था। 3 ई रिक्शा में लगी 12 बैटरी पर बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया था। करीब 1.5 लाख कीमत की बैट्री चोरी कर ली गई।

स्थानीय लोगों की माने तो हर दिन वहां मौजूद आसपास की झाड़ियों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। बदमाश वहाँ आकर नशीले पदार्थ का सेवन करते रहते हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि उन्हीं लोगों में से किसी ने इस घटना को अंजाम दिया है।
चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दीपनगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार जयसवाल ने बताया कि पीछे के रास्ते से घुसकर बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। आसपास के लोगों से इस संदर्भ में पूछताछ की जा रही है जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा



Comment here