लॉकडाउन के इस माहौल में गरीब और असहाय लोगों की मदद करने में पुलिस अहम रोल अदा कर रही है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस खाना बनाकर गरीब और भटक रहे लोगों को मुफ्त में बांट रही है। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों और पुलिस की गाडियों को हमने सूचित किया है कि कहीं भी भूखा व्यक्ति मिलता है तो एनजीओ की मदद से या फिर स्वयं के स्तर पर उनकी मदद करें।
आईजी केपी सिंह ने वायरलेस पर पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी आकस्मिक गाड़ी को न रोका जाए और यदि कोई संस्था गरीबों को भोजन मुहैया कराना चाहती है तो 112 नंबर की पुलिस मदद करें।

बैरहना चौकी इंचार्ज अमर सिंह परिहार ने बताया कि स्थानीय नेता ट्विंकल यादव की मदद से पुलिस ने कुछ लोगों का लंच पैकेट बनवाया। काल भैरव मंदिर से लेकर बाई का बाग तक रहने वाले दिहाड़ी मजदूरों को खाना खिलाया गया। क्रास्थवेट स्कूल के पास रहने वाले मजदूर काम न मिलने के कारण आजकल बेरोजगार हैं और उनके पास खाने के लिए भी पैसे नहीं है। ऐसे में स्थानीय पुलिस उनकी मदद कर रही है। स्वयंसेवी संस्थाओं से भी कहा गया है कि वे पुलिस को सूचना देकर गरीबों की मदद कर सकते हैं।
जरूरतमंदों को बांटे खाद्य सामग्री
लाकडाउन के दौरान कुछ लोग जरूरतमंदों तक खाद्य सामग्री पहुंचाकर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। गुरुवार को राजरूपपुर में व्यापारियों ने राजरूपपुर के पार्षद अखिलेश सिहं के साथ हाथी गेट के पास, पसियाना, बरसाना में चार सौ लोगों को खाद्य सामग्री का पैकेट दिया गया। पार्षद अखिलेश सिंह, मिथिलेश सिंह ,रवि तिवारी, धर्मेंद्र केसरवानी ,श्री राम पाल सिंह एडवोकेट, सुदीप केसरवानी, आशीष, गुड्डू दुबे ,अरविंद श्रीवास्तव समेत लोग थे।




Leave a Reply