कोरोना संक्रमण से उबरने के 2 साल बाद एक बार फिर गोपालगंज के विभिन्न स्थान पर भव्य पंडाल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। कहीं कोलकाता के बिरला मंदिर तो कहीं अयोध्या के श्री राम मंदिर तो कहीं केदार नाथ के साथ दुबई के बुर्ज खलीफा टावर के प्रतिरूप का पंडाल बन रहा है। लाइटिंग की भी खूबसूरत व्यवस्था की गई है। जानिए गोपालगंज में कहां कैसा बन रहा पंडाल…

55 लाख रुपए पंडाल के निर्माण और सजावट में खर्च होंगे।
6 लाख रुपए में फूलों से की जाएगी सजावट
स्टेशन रोड स्थित राजा दल पूजा समिति द्वारा भव्य पूजा पंडाल निर्माण किया जा रहा है। पूजा समिति द्वारा कोलकाता के बिरला मंदिर का प्रतिरूप बनावाया जा रहा है। 55 लाख रुपए पंडाल के निर्माण और सजावट में खर्च होंगे। साढ़े 18 हजार वर्ग फुट में यह पंडाल होगा। पूजा पंडाल की लंबाई 120 फुट, चौड़ाई 125 फुट और ऊंचाई 110 फुट का होगा। कोलकाता के विमल दास अपने 20 सहयोगी कारीगरों के साथ पंडाल निर्माण में जुटे हुए हैं। इस पंडाल निर्माण में 4 हजार बांस का प्रयोग किया जाएगा। मां की प्रतिमा जहां स्थापित होगी, उस गर्भ गृह में विदेशी फूलों से सजावट की जाएगी। इस पर 6 लाख रुपए खर्च होंगे। वहीं, मूर्ति की 20 फीट की होगी। करीब 5 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

कोलकाता के संदीप दादा की देखरेख में पंडाल का निर्माण हो रहा है।
अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन देगी मां भवानी
शहर के बंजारी मोड़ स्थित न्यू राजा दल पूजा समिति द्वारा अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर के स्वरूप का पंडाल का निर्माण करवाया जा रहा है। इस पूजा पंडाल की लंबाई 110 फीट व चौड़ाई 74 फीट रहेगी। जबकि ऊंचाई 101 फीट होगी। कोलकाता के संदीप दादा की देखरेख में पंडाल का निर्माण हो रहा है। पंडाल निर्माण में करीब 15 लाख रुपए की लागत आएगी। यहां पर करीब 25 कारीगर पंडाल के निर्माण में जुटे हुए हैं। इसमें मां दुर्गा की 15 फीट ऊंची मूर्ति के साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान श्री गणेश और कार्तिक की प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। मूर्ति निर्माण में 1 लाख रुपए खर्च होगा। वहीं, थर्माकोल से बने श्री राम की 10 फीट मूर्ति मुख्य गेट पर लगाई जाएगी। इसके साथ ही हनुमान जी की दो मूर्तियों को भी मुख्य गेट पर लगाया जाएगा।

बुर्ज खलीफा टावर के प्रतिरूप पंडाल का निर्माण करवाया जा रहा है।
बुर्ज खलीफा टावर में मां के दर्शन करेंगे भक्त
शहर के हजियापुर मोड़ स्थित NH-27 पर महाराजा दल पूजा समिति द्वारा दुबई के बुर्ज खलीफा टावर के प्रतिरूप पंडाल का निर्माण करवाया जा रहा है। भव्य टावर के बीच मां दुर्गा को स्थापित किया जाएगा। 3500 वर्ग फुट में पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी ऊंचाई 70 फुट और चौड़ाई 50 फुट होगी। इसकी लागत 7 लाख रुपए तक होगी। प्रतिमा 15 फुट ऊंची होगी। मुजफ्फरपुर के मूर्तिकार और उनकी आठ सदस्यीय टीम द्वारा काम किया जा रहा है। लगभग 500 मीटर तक लाइट की व्यवस्था की जाएगी।

पंडाल निर्माण का कार्य कोलकाता के कारीगर गोपाल हाजरा की टीम कर रही है।
केदारनाथ मंदिर के स्वरूप में विराजमान होगी मां दुर्गा
शहर के जनता सिनेमा के पास शिव दल पूजा समिति द्वारा 10 लाख की लागत से केदारनाथ मंदिर का स्वरूप तैयार किया जा रहा है। इसमें मां दुर्गा भक्तों को आशीर्वाद देगी। पंडाल निर्माण का कार्य कोलकाता के कारीगर गोपाल हाजरा की टीम कर रही है। पंडाल की ऊंचाई 50 फीट और लंबाई करीब 40 फीट व चौड़ाई 30 फीट रहेगी। जबकि कोलकाता से ही आए मूर्तिकार नरेश द्वारा प्रतिमा निर्माण किया जा रहा है। मूर्ति की कीमत 1 लाख 20 हजार है।







Leave a Reply