लालू प्रसाद किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और जल्द ही अपने इलाज के लिए सिंगापुर जा सकते हैं। इसे लेकर पासपोर्ट रिलीज की अनुमति मांगी जा चुकी है।सीबीआई की विशेष अदालत में मामले को लेकर 16 सितंबर को सुनवाई होनी है। अगर सब ठीक रहा तो 20 सितंबर या उसके बाद की किसी तारीख को लालू प्रसाद सिंगापुर के लिए रवाना हो सकते हैं।
बिहार में नीतीश के साथ मिलकर आरजेडी सरकार में है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री हैं। लालू प्रसाद की पार्टी राजद के अंदर इस साल प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी होने वाला है। इन तमाम कारणों से लालू प्रसाद की व्यस्तता भी बढ़ी हुई है। वे अभी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। बुधवार को स्वयं वीरचंद पटेल पथ, पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और चुनाव से पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इन सब के बावजूद वे अपनी सेहत को लेकर भी जागरुक हैं। उनके परिवार के लोग भी चाहते हैं कि उन्हें अब जल्द से जल्द किडनी की बीमारी के इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया जाए।
16 को पासपोर्ट मामले में सुनवाई
सिंगापुर जाने के लिए सीबीआई की विशेष अदालत में मंगलवार को याचिका दायर कर पासपोर्ट रिलीज करने की अनुमति मांगी जा चुकी है। कोर्ट ने 16 सिंतबर को सुनवाई की तारीख निश्चित की है। उम्मीद की जा रही है कि 16 तारीख को अनुमति मिलने के बाद लालू प्रसाद 20 या उसके बाद कि किसी तारीख को सिंगापुर जा सकते हैं। राजद के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने भास्कर को बताया कि एक-दो सप्ताह के अंदर लालू प्रसाद इलाज के लिए सिंगापुर जाएंगे।

4 जुलाई को पटना के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
3 जुलाई को गिरने पर स्थिति काफी गंभीर हो गई थी
लालू यादव 3 जुलाई को पटना स्थिति राबड़ी देवी के आवास में कमरे की सीढ़ी पर गिर गए थे, तो सेहत काफी बिगड़ गई थी। उन्हें 4 जुलाई को पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और फिर एयर एंबुलेंस से 7 जुलाई को दिल्ली एम्स ले जाया गया था। उस समय उनके शुभचिंतक काफी डर गए थे।
अब लालू प्रसाद की सेहत पहले से काफी बेहतर है। इसलिए परिवार कोई रिस्क लिए बिना उन्हें जल्द से जल्द सिंगापुर ले जाना चाहता है। सिंगापुर में डॉक्टर किडनी ट्रांसप्लांट करेंगे या अभी दवा ही देंगे यह वहीं तय होगा। चूंकि लालू प्रसाद लगभग एक दर्जन बीमारियों से ग्रस्त हैं इसलिए जब भी वे बीमार पड़ते हैं तो स्थिति गंभीर होने लगती है। शुगर और किडनी की बीमारी की वजह से ज्यादा परेशानी होती है।

लालू प्रसाद अपनी बेटी रोहिणी आचार्या के साथ (फाइल फोटो)
बेटी रोहिणी आचार्या सिंगापुर में रहती हैं
लालू प्रसाद सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट करवाने वाले कुछ लोगों से पहले ही मिल कर अनुभव जान चुके हैं। पूर्व सांसद आरके सिन्हा से भी वे मिल चुके हैं। लालू परिवार सिंगापुर के डॉक्टर के लगातार संपर्क में है। अभी स्थिति यह है कि उनकी किडनी इतनी खराब नहीं हुई है कि डायलिसिस करानी पड़े। इसलिए सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हो ही यह जरूरी नहीं। डॉक्टर अभी उन्हें दवा पर भी रख सकते हैं।
जानकारी है कि सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट वे इसलिए कराना चाहते हैं कि वहां का सक्सेस रेशियो काफी अच्छा है। किडना ट्रांसप्लांट का नियम भी वहां अलग है। लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्या भी सिंगापुर में ही अपने इंजीनियर पति के साथ रहती हैं।






Comment here