बेगूसराय में फायरिंग की घटना के बाद बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने कहा है कि बेगूसराय में कत्लेआम की कोशिश हुई और दर्जनों लोगों को गोली मार दी गई, मैं कानून व्यवस्था की जानकारी लेने और पीड़ितों से मिलने बेगूसराय जा रहा हूं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि बेसूगराय में दो अपराधियों ने तीस किमी. की दूरी में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गोली मार दी। एक की मौत हो गई, कई लोग घायल हैं।
बिहार तो क्या हिन्दुस्तान के इतिहास में ऐसी घटना नहीं हुई होगी जब मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग गोली मारते हुए निकल गए और पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पायी। जब से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
अपराधियों को लग रहा है कि उनकी सरकार बन गई। कार्तिकेय सिंह का मामला हुआ। खनन पदाधिकारियों को धमकी दी गई। राजद के समर्थकों ने थाने में घुसकर डीएसपी को वर्दी फाड़ने की धमकी दी। तीन दिन पहले मुख्यमंत्री ने रिव्यू मीटिंग की थी लॉ एंड ऑर्डर को लेकर लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। बिहार के लोग भयभीत हैं। लोगों को डर लग रहा है कि कहीं फिर से पुराना दौर नहीं आ जाए। मुख्यमंत्री को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए और अपराधियों की गिरफ्तारी करनी चाहिए। बता दें कि BJP ने आज बेगूसराय बंद का ऐलान किया है। बुधवार सुबह 9 बजे से ही BJP नेता सड़क पर उतर गए औ विरोध करने लगे।



बयानबाजी करने वालों की नीयत पर सवाल खड़ा होता है- राजद
राजद ने कहा है कि किसी साजिश की आशंका इसमें है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा है कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसी किसी घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। कहा कि यह अपने ढंग का, यह एक अलग किस्म का अपराध है, इसलिए ऐसी घटना पर जो लोग राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं उनकी नीयत पर ही सवाल खड़ा होता है। उन्होंने कहा कि संभव है कि यह घटना सरकार को बदनाम करने और बिहार की छवि को प्रभावित करने के उद्देश्य से किसी साजिश का हिस्सा हो। कुछ लोगों को बिहार में जनता का राज पच नहीं रहा है।



Comment here