Breaking News

बिहार में नेशनल हाईवे पर फा’यरिंग…एक की मौ’त, 10 घायल:30KM तक गो’ली चलाते निकले 2 बाइक सवार

बिहार के बेगूसराय जिले में हाई-वे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने लगभग 30 किलोमीटर तक पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें तेघरा थाना क्षेत्र के अयोध्या चौक के पास गोली लगने से एक शख्स की सड़क पर ही मौत हो गई। वारदात में बछवाड़ा, फुलवरिया, बरौनी और चकिया इलाकों में 10 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोलीबारी की घटना से आसपास के इलाकों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि बाइक सवार अपराधी हथियार लहराते, फायरिंग करते हुए आगे बढ़ते रहे। लोग इन्हें साइको किलर बता रहे हैं। अपराधी फायरिंग करते हुए समस्तीपुर की ओर भाग गए।

मृतक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के रहनेवाले चंदन कुमार के तौर पर हुई है। वहीं घायलों में पटना के बाढ़ के रहने वाले विशाल सोलंकी, मोकामा के रहनेवाले रंजीत यादव, बेगूसराय के फुलवरिया निवासी नितेश कुमार, तेयाय के गौतम कुमार, बरौनी के अमरजीत कुमार, मंसूरचक के नीतीश कुमार, मरांची के रहनेवाले मोहन राजा के अलावा प्रशांत कुमार रजक और भरत यादव शामिल हैं।

एंबुलेंस के सायरन से गूंजा शहर
वारदात के बाद शाम 6 बजे से लेकर रात के 9 बजे तक एंबुलेंस के सायरन से बेगूसराय शहर गूंजता रहा। जैसे ही गोलीबारी की खबर लोगों के बीच पहुंची, लोग अपने घर से निकले हुए परिजनों का हाल जानने के लिए इधर-उधर फोन घुमाते रहे।

घटना के बाद इलाके में हुई पुलिस की तैनाती।

घटना के बाद इलाके में हुई पुलिस की तैनाती।

बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। जगह-जगह वाहन चेकिंग लगाई गई है। एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है, जो साइको किलर लग रहे हैं।

घायलों को लाया गया अस्पताल।

घायलों को लाया गया अस्पताल।

बेगूसराय में फायरिंग के बाद पटना अलर्ट
इस वारदात पर पुलिस मुख्यालय भी अपनी नजर बनाए हुए है। ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि जिले की पुलिस टीम लगातार काम कर रही है। अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज की मदद ली जा रही है। रेंज के DIG भी मौके पर गए हुए हैं। SP और उनकी टीम लगातार कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

दूसरी तरफ जैसे ही अपराधियों के पटना की तरफ भागने की सूचना मिली, वैसे ही पटना पुलिस को अलर्ट किया गया है। पटना के SSP मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया- सूचना मिलते ही राजेंद्र सेतु पर चेकिंग लगा दी गई। नालंदा और लखीसराय जलाने वाले रास्ते पर भी कड़ी नजर बनी हुई है। कई जगहों पर नाकेबंदी की गई है। हमें कुछ CCTV फुटेज मिले हैं, उस हिसाब से अपराधियों की खोज जारी है।

बेगूसराय के एसपी ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

बेगूसराय के एसपी ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

दिल्ली में अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर सुबह बेगूसराय पहुंच रहे गिरिराज सिंह
घटना के बाद राजनीति तेज हो गई है। स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सामने आकर जवाब देने की मांग की है। उन्होंने दिल्ली में कहा कि बताएं यह कौन सा जनता राज है, जहां चार थाना इलाके से अपराधी बेखौफ लोगों पर गोलीबारी करते गुजर जाता है और पुलिस उसे रोक नहीं पाती है। उन्होंने मांग की कि सभी घायलों को सरकार मुआवजा दे। मृतक के परिजनों को एक करोड़ और घायलों को 50- 50 लाख मुआवजा दे, क्योंकि यह सभी गरीब लोग हैं।

जानकारी के अनुसार गिरिराज सिंह दिल्ली में अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर बुधवार की सुबह बेगूसराय पहुंच रहे हैं। वह घायलों से मिलेंगे। साथ ही मृतक चंदन के परिजनों को सांत्वना देने उसके आवास पर जाएंगे।

वहीं राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि बेगूसराय में बछवाड़ा से लेकर मल्हीपुर तक अपराधियों की गोली से कई घायल और एक की मौत। पुलिस प्रशासन को मैंने कुछ दिनों पूर्व ही चेताया था। कहीं 1960 के दशक में बेगूसराय न पहुंच जाए।

इधर भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आवाहन किया है। जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ ही नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा और अन्य कई भाजपा नेता भी कल बेगूसराय पहुंचेंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.