शिवहर सांसद रमा देवी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर अपने पति की हत्या करवाने का आरोप लगाया है। अपने क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान रमा देवी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते समय कहा- इन लोगों ने ही मेरे पति को ‘ठंडा’ कराया, ऐसे कितनों को कर चुके हैं।
तेजस्वी के ‘ठंडा’ करने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि उनके पति बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के पीछे लालू परिवार का हाथ है। जब पत्रकारों ने कहा कि यह गंभीर आरोप लगाया जा रहा है, तो सांसद ने जोर देते हुए कहा- हां, उन्होंने किसी से ऐसा करवाया। इसमें कोई शक नहीं है।
असल में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के ठंडा करने वाले बयान पर अब नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। भाजपा नेताओं के द्वारा लगातार तेजस्वी को इस बयान पर घेरा जा रहा था। लेकिन शिवहर सांसद रमा देवी ने तो उनके पिता लालू प्रसाद यादव पर अपने पति की हत्या का आरोप मढ़ दिया है। सांसद ने कहा कि जिस तरह का बयान तेजस्वी यादव ने दिया है, उस तरीके से इन लोगों ने कितने ही लोगों को ठंडा किया है। लालू परिवार को इस बात का डर था कि उनके पति मुख्यमंत्री पद पर विराजमान हो सकते हैं। इस कारण लालू परिवार ने साजिश के तहत उनकी हत्या करवा दी थी।
‘इन्होंने जीवनभर यही किया है’
सांसद ने लालू परिवार को बेशर्म परिवार बताया है। कहा कि इन्होंने जीवनभर यही किया है। परिवारवाद, धनवाद और खानदानवाद, यह लोग यही करते रहे हैं। जिन लोगों से हत्या कराई गई, वो एक बार फिर बिहार में जंगलराज, गुंडाराज लाने के लिए बैठे हुए हैं।
बता दें कि बृज बिहारी प्रसाद बिहार के कद्दावर नेताओं में एक थे। वो विधायक और मंत्री भी रहे थे। बृज बिहारी प्रसाद की हत्या 3 जून, 1998 को पटना के आईजीआईएमएस कैंपस में कर दी गई थी। बिहार सरकार में मंत्री रहे बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के बाद राजनीतिक विरासत संभालनी पड़ी थी।

शिवहर सांसद रमा देवी मीडिया से बात करते हुए।
राधा मोहन सिंह को हरा कर पहुंची थी सांसद
रमा देवी लंबे समय से लोकसभा सांसद हैं। शिवहर से उन्होंने तीसरी बार बीजेपी के टिकट पर जीत की हैट्रिक लगाई है। यहां से वो साल 2009 से लगातार सांसद चुनी जा रही हैं। इससे पहले उन्होंने 1998 में बिहार के मोतिहारी सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा था और बीजेपी के राधा मोहन सिंह को हराते हुए पहली बार संसद पहुंची थीं।
1999 के लोकसभा चुनाव में हारने के बाद वह विधायक बनीं और राबड़ी मंत्रीमंडल में शामिल हुईं। हालांकि उनके बयान लालू और उनकी पार्टी को असहज करते रहे। रमा देवी अपने पति के हत्या के लिए लालू को भी जिम्मेदार मानती थीं। यह महज आरोप भर था क्योंकि यह कभी साबित नहीं हो सका। 2009 में राजद से टिकट नहीं मिला और भाजपा ने उन्हें अपने पाले में कर लिया।
शिवहर से उन्हें टिकट दिया गया और वह चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। 2014 और 2019 में भी उन्हें शिवहर से टिकट दिया गया और वह जीतने में कामयाब रहीं। रमा देवी के राजनीतिक कद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 2009 और 2014 में बाहुबली आनंद मोहन की पत्नी लवली आंनद को राजनीतिक अखाड़े में मात दी थी।






Comment here