पटना के बेउर थाना अंतर्गत सिपारा के नजदीक अपराधियों ने बुधवार को दिनदहाड़े एक नाबालिग लड़की को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में लोगों ने घायल लड़की को इलाज के लिए पटना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाला है।



घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सिपारा के इंद्रपुरी गली नंबर 4 में रहने वाली तेज साव की बेटी काजल कुमारी कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी क्रम में पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने काजल कुमारी पर गोली चला दी। गोली काजल कुमारी के गर्दन में लगी और वह वहीं गिर कर छटपटाने लगी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग वहां जमा हुए और घायल अवस्था में काजल कुमारी को इलाज के लिए पास के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
परिजनों ने बताया कि काजल कुमारी के पिता तेज साहू सिपारा के नजदीक सब्जी बेचने का काम किया करते हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि काजल का परिवार मूल रूप से पालीगंज का रहने वाला है और यहां सिपारा में किराए के मकान में रहते हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि काजल कुमारी 9th क्लास की छात्रा है और सितारा में रहकर कोचिंग किया करती है। बुधवार को कोचिंग से लौटने के क्रम में पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उस पर गोलियां चला दी।

बेउर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगालना शुरू कर दिया है।




Leave a Reply