डुमरांव अनुमण्डल स्थित कोरानसराय गांव में एक शख्स अपने श्राद्ध कर्म के 30 साल बाद जिंदा वापस घर लौट आया है । पति को जिंदा देख पत्नी अवाक हो रोने लगी । इस घटना की चर्चा जिले में खूब हो रही है ।
कोरानसराय निवासी रामवतार साहू का पुत्र घनश्याम तेली किसी काम से बक्सर गया था। लौटने के क्रम में बक्सर के बस स्टैड से गायब हो गया था। उस वक्त मुन्नी देवी एक बच्चे की मां थी। दूसरा बच्चा गर्भ में पल रहा था। अचानक पति के गायब होने से पत्नी का बुरा हाल हो गया।
इस घटना के बाद घनश्याम के परिवार एवं परिजनों के द्वारा इन्हें कई महीनों तक बक्सर जिला के आसपास के गांवों एवं पड़ोसी जिला में भी खोजबीन किया गया लेकिन इनका कोई अता पता नहीं मिला वही मृत समझकर परिवार वालों ने इनका श्राद्ध कर्म कर दिया था सुहागन बनी विधवा बन गई। तीस सालों में परिवार की स्मृति से घनश्याम का चेहरा लगभग गायब हो चुका था। पत्नी संघर्ष कर बेटों की परवरिश कर रही थी।
मानव तस्कर के हाथ लगा था घनश्याम :
अधिकारी जानकारी के मुताबिक घनश्याम गुप्ता उत्तरप्रदेश के झांसी में इतने वर्षों तक मानव तस्करों के चंगुल में फस कर बंधुआ मजदूर बने हुए थे। इस बीच जब झांसी पुलिस ने गुप्त सूचना पर मानव तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी की तो मौके से पांच बंधुआ मजदूरों को बरामद कर उन्हें आजाद कराया गया जबकि, कुछ मानव तस्कर भी गिरफ्तार किए गए।
जब घनश्याम ने अपना पता कोरानसराय बताया तो पुलिस ने यहां के थानाध्यक्ष जुनैद आलम से सम्पर्क किया । उन्होंने चौकीदारों एवं सूत्रों से इलाके में पता करवाया जहाँ पुलिस मुन्नी देवी तक पहुँच उसके पति के जिंदा होने की खबर सुनाई एवं घनश्याम को सही सलामत कोरानसराय लेकर आई।
30 साल बाद विधवा मुन्नी बनी सुहागन
कोरानसराय थाना के चौकीदार से जुबान से मुन्नी ने सुना कि उसका पति जिंदा है। खुश होकर रोने लगी। तीस वर्षो तक पति से बिछड़कर विधवा ज़िंदगी जीने को मजबूर मुन्नी देवी के मन प्रसन्न हुए और खुशियों से घर चहक उठा। मुन्नी देवी ने पुलिस को अपने पति के शरीर पर पहचान चिन्ह को बताया जिसके बाद कोरानसराय पुलिस झांसी पहुँची। जहाँ से घनश्याम गुप्ता की पहचान कर वापस बक्सर जिला के कोरानसराय गाँव लाया गया।
वही श्राद्ध कर्म होने के साथ-साथ तीस साल बाद जिंदा घर लौटे घनश्याम को देखने के लिए गाँव में भीड़ उमड़ पड़ी। वही ग्रामीणों ने फिर से पुरोहित पंडित को बुलाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पति घनश्याम गुप्ता एवं पत्नी मुन्नी देवी को शादी के पवित्र रिश्ता में दोबारा बंधवाया। मौके पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विभा कुमारी एवं प्रखण्ड सांख्यिकी पदाधिकारी श्रीनिवास सिंह पहुंच कर घनश्याम से पूछताछ किए।







Comment here