भागलपुर के नवगछिया में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पिछले कई वर्षों से गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकंदपुर चौक स्थित होटल राज पैलेस में देह व्यापार का धंधा चल रहा था। इसका गुरुवार दोपहर नवगछिया पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में एनएच 31 पर मंकदपुर चौक स्थित राज पैलेस होटल में छापेमारी कर पुलिस ने दो लड़की समेत पांच लोगों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा है।
गुप्त सूचना के आधार पर इस होटल में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचते ही होटल में भगदड़ मच गई। पुलिस ने होटल संचालक को भी सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस होटल से दो लड़की समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर गोपालपुर थाना ले गई।

छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस।
हिरासत में लिए गए सभी लोगों से गोपालपुर पुलिस थाने में पूछताछ कर रही है। वहीं, होटल राज पैलेस से पकड़ाए सभी आरोपित पुलिस की पकड़ में आने के बाद अपने चेहरे को कैमरे की नजरों से बचाते दिख रहे थे। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर फिलहाल पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।

होटल से गिरफ्तार की गई लड़कियां।
सूत्रों की मानें तो नवगछिया एसपी को बीते कई दिनों से गुप्त सूचना मिल रही थी कि इस होटल में सेक्स रैकेट का गोरखधंधा चलाया जा रहा था। इसी दिशा में पुलिस ने इस होटल की रेकी करवाई और फिर सूचना की पुष्टि होने के बाद गोपालपुर सहित कई थानों की पुलिस द्वारा यहां छापेमारी की गई। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए सभी आरोपितों से पूछताछ में जुटी है और होटल को सील कर दिया गया है।



Comment here