Breaking News

मोतिहारी में जाली नोटों के रैकेट का पर्दाफाश, 8 लाख के नकली नोट बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार

मोतिहारी. बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी (Motihari) में जाली भारतीय मुद्रा के कारोबार (Fake Currency Racket) का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर आठ लाख रुपये के जाली नोट बरामद किया है. जब्त सभी नोट 500 रुपये मूल्य के हैं. पुलिस ने तीन तस्करों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जाली नोट छापने वाली मशीन और एक पिस्टल बरामद किया है. गिरफ्तार तस्करों की निशानेदेही पर पुलिस ने पीपरा थाना बाजार में छापामारी कर नोट छापने का खुलासा किया. पुलिस ने कार से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है जो बाजार में जाली नोट खपाने का काम किया करते थे.

वहीं, पीपरा बाजार में एक साइबर कैफे में हुई छापामारी के दौरान कैफे के संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आठ लाख रुपये के जाली भारतीय मुद्रा के साथ नोट छापने वाली प्रिन्टिग मशीन, नोट बनाने वाले पेपर के तीन बंडल, एक लैपटॉप, दो मोटरसाइकिल और एक देशी पिस्टल व कारतूस बरामद किया है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार आशीष ने बताया कि रोको-टोको अभियान के तहत छतौनी थाना क्षेत्र के समीप पुलिस ने एक रेस्तरां के सामने लगी कार की जांच में उसमें रखे आठ लाख रुपये के जाली नोट बरामद किया गया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से यह लोग जाली नोट बनाने और फिर उसे बाजार में खपाने के गोरखधंधे में लगे थे. जाली नोट पीपरा बाजार के एक साइबर कैफे में बनाया जाता था जिसके बाद सभी लोग मिल कर उसे बाजारों में खपाते थे. जाली नोटों के तस्कर दो लाख असली रुपये के बदले पांच लाख रुपये के जाली नोट देते थे.

गिरफ्तार आरोपियों में से दो पूर्वी चंपारण जिले के पीपरा थाना क्षेत्र जबकि दो अन्य शिवहर जिला के निवासी हैं.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.