Breaking News

औरंगाबाद मनरेगा कार्यालय में रिश्वत लेने के आरोप में हंगामा

औरंगाबाद सदर प्रखंड के मनरेगा कार्यालय में घुसकर बीडीओ व आवास सहायक के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज किया। वहीं दस्तावेजों को फाड़ दिया और इधर-उधर फेंक दिया। सूत्रों के मानें तो हल्की मारपीट भी की गई है। लेकिन इस बात से बीडीओ व आवास सहायक ने साफ इनकार किया है। घटना के बाद इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताते चलें कि बीडीओ आवास सहायकों के साथ समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान आधा दर्जन लोग पहुंचे और पहले आवास सहायक के साथ गाली-गलौज किया। मना करने पर बीडीओ के साथ भी गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया।

आवास सहायक ने एफआईआर के लिए दिया आवेदन

अभद्र व्यवहार मामले में कार्रवाई के लिए सदर प्रखंड के कर्मा भगवान पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक अनुज कुमार द्वारा एक आवेदन नगर थाना पुलिस को दी गई है। जिसमें कहा गया है कि शुक्रवार की दोपहर मनरेगा भवन के कार्यालय में बैठकर प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्यों का निपटारा कर रहे थे। वहीं बीडीओ नवीन कुमार शर्मा लंबित कार्याें की समीक्षा कर रहे थे।

इसी दौरान सदर प्रखंड के कर्मा भगवान पंचायत के कर्मा गांव निवासी पप्पू सिंह व पड़रावां पंचायत के चित्रगोपी निवासी विनोद सिंह सात से आठ लोगों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब बीडीओ ने मना किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज किया और दस्तावेजों को फाड़ दिया और इधर-उधर फेंक दिया।

आवास योजना में रिश्वत लेने का आरोप लगा रहे थे लोग

सूत्रों के अनुसार जिन लोगों पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। वे लोग ग्रामीण आवास सहायक पर रिश्वत लेने का आरोप लगा रहे थे। इसी बात को लेकर ग्रामीण आवास सहायक व लोगों में बहस हो रही थी। जिसके बाद बीडीओ ने शांत रहने की बात कही। जिसके बाद वे लोग भड़क गए और बीडीओ के साथ भी गाली-ग्लौज किया। इस संबंध में बीडीओ का कहना है कि अगर शिकायत है तो लिखित दीजिए। दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.