Breaking News

अब बिहार में विरोध प्रदर्शन पड़ेगा बहुत भारी, तैनात की गई 3 पैरा मिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां

सेना में बहाली के लिए केंद्र सरकार की योजना अग्निपथ को लेकर लगातार तीन दिनों के उपद्रव ने सबको हिला दिया है। युवाओं के उपद्रव से आम जनजीवन बेहद प्रभावित हुआ है। तीन दिनों में सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक तक जाम किए गए। प्राइवेट गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। ट्रेनों के कोच में तोड़फोड़ और आगजनी किए गए। बिहार में बड़े स्तर पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया

शुक्रवार के हालात बेकाबू थे। सुबह 5 बजे से शुरू हुए विरोध प्रदर्शन पर पूरी तरह से काबू पाने में करीब 12 घंटे का वक्त लगा। अब शनिवार को बिहार बंद का आह्वान हुआ है। विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं को अब राजनीतिक दलों का साथ मिला है। बिहार बंद की घोषणा कर तमाम विपक्ष के दलों ने अग्निपथ का विरोध कर रहे युवाओं को अपना समर्थन दे दिया है।

बिहार बंद के दौरान कोई बड़ा उपद्रव या कोई बड़ी घटना न हो इसे ध्यान में रखते हुए एक एक बड़ा फैसला हुआ है। पुलिस मुख्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार एक्स्ट्रा फोर्स के तौर पर पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। सूत्रों के अनुसार 3 पैरामिलिट्री फोर्स के कुल 10 कंपनियों को पटना समेत अलग-अलग जिलों में तैनात किया गया है। इसमें RAF की एक कंपनी, CRPF की 3 कंपनी और SSB की 6 कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस की स्पेशल आर्म्ड फोर्स (BSAP) के बटालियन को भी मुस्तैद किया गया है। साथ ही सभी जिला पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.