बिहार की महिला रग्बी टीम ने इतिहास रच दिया है। 9वीं सीनियर राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता के फाइनल में रविवार को पश्चिम बंगाल को हराकर बिहार की महिला रग्बी टीम चैंपियन बन गई। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कंकड़बाग में रविवार को आयोजित फाइनल मुकाबले में बिहार ने पश्चिम बंगाल को 15-5 से हराकर खिताब जीता। इस मुकाबले में बिहार की महिला खिलाड़ी श्वेता ने 10 अंक, जबकि धर्मशिला ने पांच अंक बनाए।
बिहार खेल विकास प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्र शंकरण ने बताया कि बिहार के लिए यह गौरव की बात है। बिहार की महिला टीम ने पहली बार सीनियर वर्ग में रग्बी का यह खिताब जीता है। इससे पहले हैदराबाद में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सब जूनियर टीम ने फाइनल में जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरी ओर हरियाणा के पुरुष वर्ग की टीम ने छठी बार इस खिताब को अपने नाम किया।
बता दें कि रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच खेला गया महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला रहा। इसमें बिहार की टीम ने तीन बार उपविजेता रही टीम पश्चिम बंगाल की टीम को 15-5 से हराया। मैच के पहले हाफ में यह मुकाबला बराबरी 5-5 पर चल रहा था, लेकिन दूसरे हाफ में बिहार की टीम की ओर से श्वेता शाही ने 5 अंक और धर्मशिला ने 5 रन का योगदान दिया।
महिला वर्ग में तीसरे स्थान के लिए महाराष्ट्र और ओडिशा के बीच मुकाबला हुआ। ओडिशा की टीम ने इस मैच को 24-12 से जीत कर कांस्य पदक जीता।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित करते हुए।
वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने दिल्ली को 15-0 से हरा दिया। हरियाणा की टीम ने 2017 से अब तक 5 बार सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर चुका है। फाइनल में हरियाणा की ओर से प्रिंस, अजय और रोहित ने 5-5 अंक हासिल किए।

खिलाड़ियों को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के द्वारा पुरस्कृत किया गया, साथ ही बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने भी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया। सबों का स्वागत रग्बी एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव पंकज कुमार ज्योति ने किया।




Leave a Reply