बिहार में अगले 48 घंटे में मानसून की एंट्री होगी। 3-4 दिनों में मानसून पूरे बिहार में अपना असर दिखाना शुरू कर देगा। इसके बाद ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मानसून के पहले बिहार में जानलेवा गर्मी जारी है। दक्षिण बिहार में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रही है, वहीं उत्तर बिहार में बारिश से थोड़ी राहत है।
मौसम विभाग की माने तो आने वाले 48 घंटे में गर्मी से कोई राहत के संकेत नहीं हैं। राज्य के 5 जिलों में लू का अलर्ट जारी करते हुए 13 जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जब तक मानसून बिहार को पूरी तरह से प्रभावित नहीं कर लेता है तब तक ऐसे ही मौसम की मार झेलना होगा।

कई मौसम विशेषज्ञों ने IMD के 29 मई को केरल में मानसून के पहुंचने की घोषणा को जल्दबाजी बताया है
उत्तर बिहार में बारिश से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर बिहार में 24 घंटे के दौरान बारिश से थोड़ी राहत हुई है। राज्य के उत्तर पश्चिम एवं उत्तर मध्य भागों के एक दो स्थानों पर और उत्तर पूर्व भागों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण भागों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। दक्षिण पश्चिम भागों के बक्सर और आरंगाबाद में लू की स्थिति बनी रही।

मौसम विभाग ने इस साल सामान्य से अधिक (103%) मानसूनी बारिश होने का अनुमान जताया है।
दो हवा से दो तरह का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में दो तरह की हवा का प्रवाह हो रहा है। एक तरफ जहां राज्य के अधिकांश भागों में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह बना हुआ है, वहीं उत्तरी भागों में पश्चिमी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसके साथ ही एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से पश्चिमी असम तक बिहार और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इससे जहां उत्तरी बिहार में बारिश का मौसम बन रहा है वहीं उत्तरी भागों में पछुआ और दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह होने से प्रचंड गर्मी की संभावना के साथ हीट वेव का खतरा है।
जानिए, मौसम का जिलों में असर
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में पूर्वी और पश्चिमी हवा के प्रभाव से मौसम में बारिश के साथ धूप का असर दिख रहा है। यूपी से होकर असम तक गुजरने वाली ट्रफ रेखा के प्रभाव से अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भागों के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अरररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार तथा दक्षिण पूर्व के भागलपुर, बांका में एक दो स्थानों पर गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।

मौसम विभाग का कहना है कि इसके साथ ही दक्षिणी भागों में पछुआ और दक्षिण पछुआ हवा के प्रवाह से दक्षिणी भागों के नवादा, गया, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, जिलों में लू की संभावना है। दिन के तापमान में 48 घंटे तक कोई परिवर्तन नहीं हाेगा लेकिन इसके बाद कमी देखी जा सकती है। यह थाड़ी राहत की बात होगी।

IMD ने जताया अच्छी बारिश का अनुमान
इस बीच मंगलवार को मौसम विभाग ने इस साल मानसून सीजन में अच्छी बारिश होने का अनुमान लगाया है। IMD ने कहा कि इस साल मानसून सीजन में औसतन 103% बारिश होने की उम्मीद है।

इससे पहले अप्रैल में IMD ने 99% बारिश का अनुमान जताया था। 1971 से 2020 के दौरान पूरे देश में मानसूनी बारिश का औसत 87% रहा है। भारत में खेती काफी हद तक बारिश पर ही निर्भर है, ऐसे में IMD का ये अनुमान किसानों के लिए राहत की खबर लेकर आया है।



Leave a Reply