Breaking News

मुजफ्फरपुरः बाथरूम की खिड़की से बैंक में घुसा चोर, लोगों की जागरूकता से पकड़ा गया; ये है मामला

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बेखौफ चोर दिन दहाड़े बैंक में घुस गया। जिले के कुढ़नी स्टेशन चौक स्थित इंडियन बैंक में रविवार की सुबह करीब आठ बजे वह घुसा। बैंक के अंदर से कुछ तोड़ने की आवाज लोगों को सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कुढ़नी थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बैंक को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की सूचना पर बैंक के स्टाफ को बुलाया गया। इसके बाद बैंक का ताला खोल कर पुलिस अंदर घुसी। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपी से थाने पर पूछताछ चल रही है। थानेदार अरविंद पासवान ने बताया कि बैंक में घुसे एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है

जेनरेटर कक्ष से बाथरूम में घुसा था चोर

ग्रामीण सह चिकित्सक पूर्व पंसस मोहन प्रसाद ने बताया कि सुबह आठ बजे लोगों को बैंक में कुछ तोड़ने की आवाज सुनाई दी। लोग बैंक के समीप पहुंचे तो अंदर आहत सुनाई दी। प्रतीत हो रहा था कि आरोपी बैंक की सेफ को तोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। चोर बैंक के जेनरेटर कक्ष का सेंध काट कर बाथरूम के रास्ते अंदर घुसा था।

भीड़ ने पुलिस से छीनने का किया प्रयास

बैंक के अंदर चोर घुसे होने की बात सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने बैंक को घेर हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बैंक पर बुलाया गया। बैंक गेट के समीप पुलिस की गाड़ी लगाई गई। आनन-फानन में पुलिस ने चोर को गाड़ी में बैठा लिया। इस बीच लोगों ने पुलिस से चोर को छीनने का प्रयास किया। पुलिस की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस चोर को लेकर थाने निकल गई। थाने पर भी लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.