बिहार में दो तरह का मौसम है। उत्तर बिहार में पूर्वी और दक्षिण बिहार में पश्चिमी हवा का प्रवाह हो रहा है। मौसम के दो रंग से उत्तरी बिहार के पश्चिमी चंपारण सहित लगभग 10 जिलों में बारिश काे लेकर अलर्ट है। जबकि दक्षिण बिहार में सुबह के समय गर्मी से काफी राहत रहेगी। पूर्वानुमान है कि दोपहर बाद थोड़ी गर्मी बढ़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे तक तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद इसमें थोड़ी कमी देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तरी भागों में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह बना हुआ है। इसके साथ ही एक च्रकवाती परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उसके आस पास क्षेत्रों में स्थित है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य के पश्चिमी चंपारण ,पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले में एक दो स्थानों पर गरज व बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

कटिहार में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा
वहीं राज्य के दक्षिणी भागों में पछुआ हवा बह रही है। इस कारण दक्षिण पश्चिम भागों के जिलों का तापमान 42 से 44 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक दिन के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद कुछ कमी देखी जा सकती है।

भागलपुर में आसमान में छाया बादल।
रात से सुबह तक कई जिलों में बारिश
रविवार की रात और सोमवार की सुबह तक राज्य के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, मधेपुरा, समस्तीपुर और कटिहार में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में हवा और उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण का असर दिखाई दे रहा है। रात से सुबह तक इन जिलों के एक दो स्थानों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना सहित दक्षिण के अन्य जिलों में पश्चिमी हवा की तेज रफ्तार से थोड़ी राहत है। आने वाले 24 घंटे में मौसम में और बदलाव देख जा सकता है।







Leave a Reply