प्री-मानसून में तेज हवा और आकाशीय बिजली की कड़क ने लोगों की नींद उड़ा दी। शनिवार की रात और रविवार की सुबह तक मौसम खराब रहा। पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में गरज और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। तेज हवा के कारण कहीं पेड़ तो कहीं बिजली के पोल उखड़ गए। सीतामढ़ी और बेतिया में सुबह से तेज आंधी के साथ हुई। वहीं औरंगाबाद के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश को लेकर अलर्ट किया है। रविवार को सुपौल और मधुबनी में भारी बारिश को लेकर अलर्ट किया है।
बंगाल की खाड़ी से आई नमी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसकी गति 10 से 12 किलो मीटर प्रति घंटे की है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं बिहार में आ रही हैं। इसके साथ ही एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम राजस्थान में बने हुए चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र से हरियाणा उत्तर प्रदेश बिहार उप हिमालीय पश्चिम बंगाल सिक्किम एवं मेघालय होते पूर्वी असम तक गुजर रही है।
इन मौसमी कारणों के प्रभाव से राज्य में बारिश का माहौल बन रहा है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवा के कारण ही बिहार में मौसम ठंडा हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है के अभी मौसम में तरह तरह का बदलाव देखने को मिलेगा।

औरंगाबाद में ओले भी गिरे।
बारिश को लेकर 24 से 48 घंटे का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान उत्तर पूर्व के कुछ भागों एवं शेष बिहार के एक दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरेगी। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान है। रविवार 22 मई को मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश को लेकर अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि सुपौल और मधुबनी में तेज हवा के कारण लोगों को सावधान रहना होगा।

बारिश के बाद सीतामढ़ी पुलिस लाइन में जलजमाव।
पटना से लेकर अन्य इलाकों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से ही बिहार के अलग अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। इस दौरान 24 घंटे में उत्तर पूर्व भागों के अनेक स्थानों एवं उत्तर पश्चिम उत्तर मध्य दक्षिण पूर्व भाग के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पटना में भी रात में पूरी रात गरज व चमक के साथ हल्की बारिश हुई। 24 घंटे के दौरान राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान औरंगाबाद में 42.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार भी रविवार की सुबह बढ़ गई।


कई इलाकों में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हुई।
गर्मी से राहत देने वाला मौसम
शनिवार की शाम से ही मौसम खराब हो गया है। पटना से लेकर राज्य के अन्य जिलों में रात में बिजली की कड़क हो ती रही। आकाशीय बिजली के कारण आसमान में तेज प्रकाश होता रहा। पटना में देर रात तक ऐसे माहौल बने रहे और रविवार की सुबह से ही तेज हवा का प्रवाह हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि ये हालात रविवार को पूरे दिन बने रहेंगे। पूरे दिन आसमान में बादलों के साथ तेज रफ्तार में हवाएं चलेंगी।





Leave a Reply