Breaking News

अवैध पार्किंग पर 13 बसों पर लगा जुर्माना, स्टार्टिंग प्वांइट की जगह अन्य जगहों पर खड़े कर रहे थे वाहन

दरभंगामें बसों को अवैध रूप से पार्क करने पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गयी है। जिला लोक शिकायत निवारण अधिकारी ने स्टार्टिंग प्वांइट की बजाय शास्त्रत्त्ी चौक व दोनार चौक के पास बस की अवैध पार्किंग करने की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की है।

बता दें कि मिर्जापुर मुहल्ले के वार्ड संख्या-18 के पिंकू झा व अन्य ने दिसंबर 2021 में जिला लोक शिकायत निवारण अधिकारी से शिकायत कर कहा था कि कई बसों को स्टार्टिंग प्वांइट की बजाय शास्त्रत्त्ी चौक के पास अवैध रूप से पार्क किया जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।

जिला लोक शिकायत निवारण अधिकारी ने इस मामले की जांच गत 18 अप्रैल को मोटरयान निरीक्षक से करवाई थी। बताया जाता है कि मोटरयान निरीक्षक की जांच के दौरान दोनार तथा शास्त्रत्त्ी चौक पर अवैध रूप से बस ठहराव को लेकर 13 बसों पर जुर्माना लगाया गया।

इन बसों के मालिक तथा संचालकों को निर्धारित स्थलों पर ही बसों को खड़ा करने का आदेश दिया गया है। जिला परिवहन अधिकारी ने इस मामले में दोबारा इस तरह की गतिविधि करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

विदित हो कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर अवैध रूप से बस ठहराव बना दिये जाने से शहर में अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। शहरवासी उम्मीद जता रहे हैं कि यह कार्रवाई होने पर अब इस तरह की गतिविधि पर काफी हद तक रोक लग सकेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.