बिहार में शराब बंदी के बाद भी हर दिन कई लोग शराब पीकर पकड़े जाते हैं। अधिकांश तौर पर पार्टी और एन्जॉय करने वाले लोग पकड़े जाते रहे हैं। मगर, इस बार पटना की पुलिस ने शराब के नशे में ऐसे युवक को पकड़ा है, जो बेहद परेशान चल रहा था। सरकारी नौकरी नहीं मिलने की वजह से तनाव में आकर शराब पी ली थी। युवक ने इतना शराब पी रखा था कि वो रोड पर ही गिरा पड़ा हुआ था। वो अपने होश में नहीं था। कांटी फैक्ट्री रोड में देर रात को उस पर पेट्रोलिंग कर रहे पत्रकार नगर थाना की पुलिस टीम की नजर पड़ी। जब पुलिस टीम उसके करीब गई तो नशे में धुत मिला।
कुछ घंटे बाद होश आने पर उसने खुद को थाना में पाया। जब थानेदार मनोरंजन भारती ने पूछताछ की तब अपना नाम शशि सिंह बताया। वो आर्मी से रिटायर्ड एक अधिकारी का बेटा और अगमकुआं इलाके का रहने वाला निकला। पूछताछ में इसने बताया कि पिछले साल ही इसने UPSC का मेंस एग्जाम क्वालीफाई किया था। मगर, इंटरव्यू में सेलेक्ट नहीं हो पाया। काफी तैयारी करने के बाद ही वह सरकारी नौकरी हासिल नहीं कर पाया। इस कारण वो बेहद तनाव में रह रहा था। इसलिए उसने शराब पी ली।
थानेदार के अनुसार शशि को कब्जे में लेने के बाद उनकी टीम ने उस इलाके में जांच शुरू कर दी थी। जिसके बाद शराब के नशे में 3 और लोग पकड़े गए। इसमें स्टूडेंट अमर कुमार, गया का रहने वाला मुकेश और मुन्नाचक में होटल चलाने वाला सुनील कुमार शामिल है। ये तीनों ही दोस्त निकले। एक ही साथ शराब पीकर लौट रहे थे। इन सभी का मेडिकल टेस्ट भी कराया गया और जेल भेजा गया।



Leave a Reply