Breaking News

खंजर पर इफ्तार का मरहम! तेजस्वी ने मुकेश सहनी को इफ्तार में गले मिलने बुलाया

वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के महागठबंधन में शामिल होने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 25 मार्च 2022 को बयान दिया था कि ‘ मुकेश सहनी अपने मन से गए थे अपना समझे’। लेकिन अब इफ्तार पार्टी में आने का निमंत्रण नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ही दे दिया। एक माह भी नहीं बीते कि राजद की ओर से मुकेश सहनी को बुलावा जाने लगा। दो दिन पहले राजद के वरिष्ठ नेता और राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने दिल्ली में मीडिया कर्मियों से कहा था कि मुकेश सहनी बिना शर्त राजद के साथ मिलकर काम कर सकते हैं। भोला यादव, लालू परिवार के करीबी नेता हैं इसलिए उनके बोलने का खास मतलब है

सहनी की ताकत समझने लगी लालू प्रसाद की पार्टी

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान को और विस्तार से याद करें तो उन्होंने मुकेश सहनी के सवाल पर यह भी कहा था कि -‘आरजेडी में पहले से निषाद के कई बड़े नेता मौजूद हैं। मुकेश सहनी के लिए कोई जगह नहीं है। मुकेश सहनी की पार्टी को तोड़ा गया है तो मुकेश सहनी समझें। मुकेश सहनी कहां जा रहे थे, उन्हें पहले सोचना चाहिए था। अपने मन से गए थे, अपना समझें। लालू प्रसाद यादव ने ही बोलने के लिए आवाज दिया था, अभी लालू जी याद आवs तारन।’ राबड़ी देवी का बयान बोचहां चुनाव से पहले था और भोला यादव का बयान बोचहां चुनाव परिणाम के बाद का है।

बोचहां उपचुनाव में मुकेश सहनी की पार्टी वीआइपी की उम्मीदवार गीता कुमारी को 29,279 वोट मिले थे। भाजपा और वीआइपी के बीच का अंतर महज 16630 वोट का ही रहा। सहनी की राजनीतिक चाल के आगे भाजपा की चाल काफी फीकी रही। भोला यादव ने जिस तरह से मुकेश सहनी को ऑफर दिया कि बिना शर्त तेजस्वी के साथ आ सकते हैं, उसे शायद ही सहनी कबूल करें। हालांकि इस पर सहनी की पार्टी ने धन्यवाद से आगे सिर्फ इतना कहा कि अभी वीआईपी को मजबूत किया जा रहा है।

सहनी ने कहा था – तेजस्वी ने अतिपिछड़ा की पीठ में खंजर भोंका

बता दें कि 2020 के विधान सभा चुनाव में मुकेश सहनी, तेजस्वी यादव के साथ प्रेस कांफ्रेस में थे और कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा इसकी घोषणा हो रही थी। जब वीआईपी के बारे में घोषणा नहीं की गई तो सहनी ने मंच से ही कहा था कि तेजस्वी यादव ने उनकी पीठ में खंजर भोंका। एक अतिपिछड़ा की पीठ में खंजर भोंका गया। अब बोचहां उपचुनाव के बाद दोनों तरफ यानी राजद और वीआईपी के बीच दूरियां तेजी से घट रही हैं।

मुकेश सहनी मुंबई में, 22 को पटना में रहेंगे तो इफ्तार में शामिल होंगे- वीआईपी

वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने भास्कर से बातचीत में बताया कि मुकेश सहनी काफी दिनों बाद मुंबई गए हैं। उनका परिवार मुंबई में ही रहता है। उनके दिल्ली और उधर से ही मुंबई जाने के बाद तेजस्वी यादव की तरफ से इप्तार पार्टी का आमंत्रण मिला है। मुकेश सहनी अगर इस दिन पटना में रहेंगे तो इफ्तार पार्टी में जरूर शामिल होंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.