रोहतास में 24 लाख 59 हजार की चोरी को अंजाम दिया गया है। एटीएम मशीन ही उखाड़ कर चोर फरार हो गए। बुधवार की रात वारदात को अंजाम दिया गया है। सीसीटीवी में दो चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। दोनों नकाब पहने हुए है। मामला रोहतास प्रखंड के मुख्य बाजार का है।

एटीएम का क्षतिग्रस्त हिस्सा।
ग्राहक पहुंचे तो मशीन गायब
चोरों ने एसबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाया है। एटीएम मशीन को गैस कटर से काटा गया। एटीएम के अंदर लगे सेंसर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। एसबीआई के चैनल मैनेजर प्रशांत कुमार ने बताया कि एटीएम में 24 लाख 59 हजार रुपए थे। वहीं, बैंककर्मियों ने बताया कि बुधवार को ही एटीएम में रुपया जमा किया गया था। गुरुवार की सुबह रुपए निकालने के लिए ग्राहक एटीएम में पहुंचे तो इसका खुलासा हुआ।

सीसीटीवी में नजर आए दोनों बदमाश।
सीसीटीवी में नजर आए आरोपी
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को खोज रही है। सीसीटीवी में दो लोग नकाब लगाए दिखे हैं। दोनों गमछा भी रखे हुए है। एटीएम उखाड़ के ले जाने की सूचना मिलते ही हडकंप मच गया। रोहतास थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन, अब तक एक भी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
घटना की सूचना पाकर डेहरी के प्रभारी एसडीपीओ सरोज कुमार गुप्ता भी दल-बल के साथ पहुंचे। घटना की जानकारी ली है। सरोज गुप्ता ने बताया कि एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे को जब्त किया गया है। एसबीआई रोहतास बजार के प्रबंधक को भी बुलाया गया है। आस-पास के थानों को घटना की जानकारी दी गई है



Comment here