बिहार में प्यार की एक दु’खद कहानी सामने आई है। जहां बचपन के प्यार में हुई तकरार के बाद पहले लड़की फंदे से झूल गई। इसके बाद सूचना मिलने पर प्रेमी भी आठवीं मंजिल से कूद गया। घटना के पीछे की सच्चाई तब सामने आई जब प्रेमी के भाई ने इसकी जानकारी दी। उसने बताया कि दोनों का पैच अप कराने के लिए कॉन्फ्रेंस कॉल पर उनकी एक दोस्त भी मौजूद थी। उसी ने पूरे मामले की जानकारी दोनों की मौत के बाद प्रेमी के भाई को दी। हालांकि प्रेमी के परिजनों के अनुसार घरवालों की प्रताड़ना से तंग आकर लड़की फंदे से झूल गई तो लड़की के भाई की धमकी से डरकर लड़के ने सु’साइड कर लिया। मामला मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र का है।
रात को अंजली- विवेक की हुई थी बात
मृ’त विवेक के भाई राहुल ने बताया कि आज सुबह अंजली के भाई ने विवेक को कॉल कर सुसाइड करने की जानकारी दी थी। उसी से बात करते हुए वह बिल्डिंग से कूद गया। ये बात उन लोगों को वहां की पुलिस से पता लगी है। जब विवेक के मोबाइल का लास्ट कॉल डिटेल्स निकाला गया तो इसमें उक्त बातों की जानकारी मिली। राहुल का कहना है कि अंजली के भाई ने भैया को डराया धमकाया होगा या टॉर्चर किया होगा। जिस कारण वह बिल्डिंग से कूद गया।
बुधवार रात करीब नौ बजे अंजली और विवेक की बात हुई थी। उस दौरान मुजफ्फरपुर की एक लड़की जो इन दोनों की कॉमन फ्रेंड है वह भी कॉन्फ्रेंस कॉल में शामिल थी। आज उसने राहुल को कॉल कर इसकी जानकारी दी। विवेक-अंजली के बीच हुई तकरार के बाद वह फिर से दोस्ती करवा रही थी, लेकिन विवेक कॉल काटकर चला गया था। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया। इसी के बाद देर रात अंजली ने सुसाइड कर लिया।

दोनों की एकसाथ की फाइल फोटो।
8वीं क्लास से एक-दूसरे से करते थे प्यार
राहुल ने बताया कि भैया का अफेयर अंजली से 8वीं क्लास से चल रहा था। दोनों साथ मे ओरिएंट क्लब स्थित एक स्कूल में पढ़ते थे। उसने भी कई बार अंजली से बात की थी। विवेक चार साल पहले ही इंजीनियरिंग करने जयपुर चला गया था। अगले महीने वह घर आने वाला था।
मृतक के भाई और चाचा संजय साह ने बताया कि दोनों के अफेयर के बारे में उन्हें जानकारी थी। अगर लड़का आकर कहता कि शादी करना है तो आराम से करवा देते, लेकिन मुझे लगता है कि लड़की पक्ष को ये रिश्ता मंजूर नहीं रहा होगा। वे लोग इसे लेकर लड़की को टॉर्चर करते रहे होंगे। जिस कारण उसने सुसाइड किया। इसका पता लगने पर विवेक ने भी अपनी जान दे दी।
विवेक का आज होना था तीसरा इंटरव्यू

प्रेमिका अंजली जायसवाल (23) पंखा टोली की रहने वाली थी। वह सीए की तैयारी कर रही थी। वहीं लड़का विवेक कुमार (26) नीम चौक शंकरपुरी का रहने वाला था। वह जयपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। जून में उसकी पढ़ाई पूरी होने वाली थी। उसका नोएडा की एक कंपनी में सेलेक्शन भी हो गया था। आज उसका तीसरा इंटरव्यू था। इससे पूर्व ही जब सुबह उसे अंजली की मौत की खबर मिली। तभी उसने कूदकर अपनी जान दे दी।
अंजली का शव भी आज सुबह पुलिस ने उसके घर के बंद कमरे से बरामद किया था, लेकिन उसके परिजन ने पुलिस को प्रेम प्रसंग या विवेक के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी थी। पुलिस अंजली केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी। तभी विवेक के भी सुसाइड करने का मामला सामने आ गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विवेक के परिजन जयपुर रवाना हो गए हैं।
मृतक विवेक के भाई राहुल ने बताया कि उसके पिता सागर साह मछली व्यवसायी हैं। विवेक बड़ा भाई था। वह चार साल से कंप्यूटर साइंस से B.TECH कर रहा था। उसने बताया कि भैया के साथ मोतिहारी का लड़का कुणाल रहता है। उसी ने उन लोगों को कॉल कर इसकी जानकारी दी। बताया कि आज सुबह 7.15 बजे विवेक के मोबाइल पर किसी का कॉल आया था। वह बात करते हुए रूम से निकला। फिर बिल्डिंग के पिछले हिस्से से कूदकर अपनी जान दे दी। उसके हाथ में मोबाइल भी था। जो नीचे गिरने से टूट गया। जयपुर पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है।



Leave a Reply