बिहार में शराबबंदी लागू है। शराबबंदी का पालन कराने का जिम्मा पुलिस पर है, लेकिन पुलिस वाले ही आए दिन शराब के नशे में धुत नजर आते हैं। ताजा मामला सहरसा जिले का है। यहां सदर थाने के थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद शराब के नशे में एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो आते ही सहरसा SP लिपि सिंह ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है।
एसपी ने बताया- वायरल वीडियो की जांच एसडीपीओ से कराई गई। प्रथमदृष्टया जयशंकर प्रसाद को अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता का दोषी पाया गया है। इसके लिए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। कहा कि अभी वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। इसके बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके पालन की जिम्मेवारी पुलिस की है। पुलिसकर्मी हर साल शराब का सेवन नहीं करने और दूसरों को नहीं करने देने की शपथ लेते हैं।
थानाध्यक्ष पर लगते रहे हैं कई संगीन आरोप
सोमवार को सदर थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद का वीडियो और तस्वीरें वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में वो एक कमरे में फिल्मी गीत पर बार बालाओं क़े साथ हाथ में जाम थामे ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वो महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में खड़े भी नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में वो हाफ पैंट और बनियान पहने समुद्र किनारे महफ़िल सजाए बैठे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार जयशंकर प्रसाद पर भूमाफियाओं के साथ साठगांठ होने का आरोप लगता रहा है। इनके साथ वो अक्सर बिहार से बाहर जाते रहते हैं।




Comment here