Breaking News

राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस, फ्लाई ओवर पर बैंक के अकाउंटेंट से कट्टा दिखा लूटी बाइक

राजधानी में अपराधी पूरी तरह से बेखौफ हैं। इसका बड़ा उदाहरण एक बार फिर सोमवार की रात देखने को मिला। अपराधियों ने कट्टा का डर दिखाकर एक बैंक स्टाफ से उसकी एवेंजर बाइक (BR-013T/1069) लूट ली। साथ ही उसे डराने के लिए अपराधियों ने एक के बाद एक, दो गोली फायर भी कर दिया। हथियार के बल पर बाइक लूट की यह वारदात पटना के एग्जीविशन रोड चौराहा के ठीक ऊपर फ्लाई ओवर पर हुई। जिस शख्श के साथ लूट की यह वारदात हुई, उसका नाम दीपक कुमार है। संपतचक का मूल निवासी है, पर अपने परिवार के साथ शगुना मोड़ के पास रहता है।

दीपक HDFC से एसोसिएट एक बैंक में अकाउंटेंट है। दीपक के मुताबिक रात 9 बजे के करीब वो एग्जीबिशन रोड स्थित HDFC बैंक से निकल कर वो कंकड़बाग जा रहा था। वहां उसका मौसेरा भाई आदित्य राणा रहता है। दीपक उसके पास जा रहा था। रामगुलाम चौक से वो फ्लाई ओवर पर चढ़ा। समय रात के 9 बजकर 5 मिनट का हुआ होगा। अचानक से एक बुलेट उसके बाइक को ओवर टेक करती है। बुलेट पर 3 अपराधी थे। तीनों के पास लोडेड कट्टा था। कट्टा का डर दिखा कर ही उससे उसकी बाइक लूटी गई। उसका मोबाइल फोन भी अपराधियों ने लूट लिया।

बुलेट से उतरकर एक अपराधी उसकी बाइक लेकर बढ़ने लगा। तभी दीपक ने अपराधी से फाइट करने की कोशिश की। जिसमें उसकी बाइक लेकर जा रहे अपराधी का कट्टा और एक गोली गिर गया। उसे लेने के लिए अपराधी रुका नहीं, वो सीधे कंकड़बाग की तरफ भाग गया। बुलेट पर बैठे अपराधी उसके आगे निकल गए थे। दीपक ने गांधी मैदान थाना और अपने परिवार को किसी तरह से जानकारी दी। तब जाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वारदात की छानबीन की। दीपक को लेकर पुलिस टीम रात में ही डायल 100 गई और वहां से कंकड़बाग की तरफ लगे CCTV कैमरे के फुटेज को खंगाला। अपराधी के कट्टा और गोली को दीपक ने पुलिस को सौंप दिया है। कुछ घंटे की पड़ताल में दीपक का मोबाइल रोड पर फेंका हुआ मिला। पुलिस टीम फायरिंग कर बाइक लूटने वाले अपराधियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.