पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा वंशवाद की राजनीति और परिवारवाद के मुद्दे पर जोरदार हमले के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने शुक्रवार को अपने ही अंदाज में पलटवार किया. प्रधानमंत्री के द्वारा परिवारवाद के उठाए गए मुद्दे का जवाब देते हुए लालू ने सवाल पूछा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी का कोई बेटा या बेटी नहीं है तो उसमें वह क्या कर सकते हैं? लालू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला और कहा कि उनका एक बेटा है, मगर वह अगर राजनीति करने के लायक नहीं है तो इसमें भी वह क्या कर सकते हैं?
लालू ने कहा “प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार को बेटा-बेटी नहीं है तो हम क्या करें? नीतीश को बेटा हुआ, मगर वह राजनीति के लायक नहीं है तो हम क्या करें?” लालू ने आगे तंज कसते हुए कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार को बेटा-बेटी दे ताकि दोनों नेता परिवारवाद कर सकें.गौरतलब है कि दो दिन पहले प्रधानमंत्री ने एक साक्षात्कार में देश में चल रही वंशवाद की राजनीति का मुद्दा उठाते हुए हमला किया था. मोदी ने राजनीति में परिवारवाद को बड़ा खतरा और लोकतंत्र का सबसे बड़ा दुश्मन बताया था. मोदी ने कहा था कि परिवारवाद कई राजनीतिक दलों में प्रतिभावान नेताओं पर असर डालता है.



Comment here