बढ़ते कोरोना के मामले के बाद पुलिस-प्रशासन ने मास्क चेकिंग पर जोर दिया है। इसके बाद सड़क पर कई ऐसे दृश्य सामने आ रहे हैं जो लोगों की लापरवाही को तो सामने ला ही रहे हैं साथ ही हंसने पर भी मजबूर कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ हुआ मंगलवार को नवादा में। यहां एक युवक को पुलिस ने मास्क ना होने पर चालान काटने की बात कही। युवक ने फौरन कहा, ‘पैसे नहीं है, मैं उठक-बैठक ही कर लेता हूं।’ वहीं, एक व्यक्ति ने तो चालान काटने पर पुलिस से ही मास्क की मांग कर दी।
युवक ने कहा कि हम स्टूडेंट हैं, पैसे नहीं है
नवादा के प्रजातंत्र चौक पर नगर परिषद के अधिकारी द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जहां पर कई लोग पुलिस से उलझ गए। कार सवार एक महिला ने कहा, ‘रूल हमें नहीं सिखाए। क्योंकि मैं गाड़ी में बंद हूं तो मैं मास्क नहीं पहनूंगी।’
इधर, बिना मास्क पहने रोड पर घूम रहे लोगों को भी सजा दी गई। युवकों को सड़क पर उठक-बैठक करा मास्क लगाने की बात कही गई। इस दौरान एक युवक ने कहा, ‘हम स्टूडेंट हैं। पैसे नहीं है। एक तो सरकार ने लॉकडाउन लगा दिया। हम पैसा नहीं देंगे, लेकिन उठक-बैठक कर लेंगे।’

उठक-बैठक करता युवक।
महिला अधिकारी ने युवक को मास्क खरीद कर दिया
वहीं, सोमवार को प्रखंड राजस्व पदाधिकारी रश्मि प्रिया ने भी जगह-जगह घूम कर बिना मास्क पहने लोगों का चालान काटा। इस दौरान एक किराना दुकान पर एक युवक का चालान काटा गया तो वो बिल्कुल तिलमिला उठा। अधिकारी से बहस करने लगा और चालान के साथ ही मास्क भी देने की मांग करने लगा।
महिला अधिकारी ने युवक को कहा कि ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। काफी देर तक दोनों में तीखी नोकझोंक हुई। महिला अधिकारी गुस्से में आकर पुलिस बुलाने की भी बात कहने लगी, पर युवक नहीं माना। आखिरकार महिला अधिकारी ने युवक को बगल की दुकान से मास्क खरीद कर दिया। तब वो शांत हुआ।




Leave a Reply