महारानी वेब सीरीज आने के समय बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी खूब चर्चा में थी। अब नए साल में बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री फिर से चर्चा में हैं। इस बार उनकी चर्चा महाराष्ट्र से लेकर बिहार तक है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे की तुलना राबड़ी देवी से की गई है। इसके बाद लालू प्रसाद के समर्थकों में गुस्सा है। युवा राजद के प्रवक्ता अरूण यादव कहते हैं कि आरएसएस और भाजपाई लोग कुंठित मानसिकता के हैं।
बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री के तौर पर इनके बेहतरीन कार्यकाल को पचा नहीं पा रहे हैं। देश में सबसे बेहतर रेलमंत्री रेल मंत्री लालू प्रसाद हुए। बेहतर मुख्यमंत्री राबड़ी देवी हुईं। लेकिन भाजपा के लोग भावनात्मक मुद्दों के सहारे राजनीति करते हैं। वे महिला विरोधी मानसिकता से बाहर नहीं निकल पा रहे। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी राबड़ी देवी के फोटो के ऐसे इस्तेमाल पर गहरी नाराजगी प्रकट की है।

पुलिस हिरासत में जितेन गजारिया
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अभी बिहार विधान परिषद की सदस्य हैं। महाराष्ट्र बीजेपी के एक सोशल मीडिया प्रभारी जितेन गजारिया ने राबड़ी देवी के फोटो के साथ रश्मि ठाकरे की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की और उस पर लिख दिया ‘मराठी राबड़ी देवी’। सोशल मीडिया के जरिए शेयर की गई इस हरकत पर बवाल मच गया।

जानकारी है कि जितेन गजारिया को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। मामला इसलिए भी काफी गरमा गया कि भाजपा के नेता जितेंद्र गजारिया ने एक और ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की फोटो लगाते हुए लिखा- ‘अगर रश्मि सरकार चलाएंगी तो मैं और उप मुख्यमंत्री क्या करने के लिए हूं? ‘

उद्वव महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बीमार चल रहे, इसलिए व्यंग्य किया था
यह मामला महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की बीमारी से जुड़ा हुआ है। उद्धव ठाकरे सर्जरी की वजह से अस्वस्थ हैं। महाराष्ट्र विधानसभा के ताजा सत्र में भी वे भाग नहीं ले पाए। उनकी बीमारी की वजह से यह चर्चा होने लगी कि उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
इसी पर भाजपा नेता ने व्यंग्य स्वरूप राबड़ी देवी के साथ रश्मि ठाकरे की फोटो लगाई थी और उन्हें मराठी राबड़ी देवी लिख दिया था। दरअसल 1997 में जब लालू प्रसाद को चारा घोटाले में जेल जाने की नौबत आई तो उनकी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री के पद पर बैठाया गया था।




Leave a Reply